कोतवाली क्षेत्र के दो अलग-अलग मार्गों पर हुई सड़क दुर्घटनाओं में एक युवती सहित चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें रसड़ा सीएचसी पर लाया गया। जहां से स्थिति नाजुक देख डाक्टरों ने सभी घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
मंगलवार की सुबह क्षेत्र के रसड़ा-कासिमाबाद मार्ग पर अखनपुरा पेट्रोल पंप के सामने बाइक व स्कार्पियो में आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार बरेसर थाना (गाजीपुर) के पिंडारी गांव निवासी 18 वर्षीय अभय यादव, 16 वर्षीय विनय यादव व 21 वर्षीया पूजा यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। ये तीनों रसड़ा की ओर आ रहे थे। तभी सामने से स्कार्पियो ने टक्कर मार दिया था।
दूसरी घटना सोमवार की देर शाम को स्थानीय नगर के प्यारेलाल चौराहा के पास घटित हुई। जिसमें एक ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। जिसमें बाइक सवार नगरा थाना क्षेत्र के ताड़ीबड़ागांव निवासी 25 वर्षीय जितेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ट्रक के साथ चालक को हिरासत में ले कर कार्रवाई में जुटी है। जबकि स्कार्पियो चालक भागने में सफल रहा।