थाना क्षेत्र के भरथाव गांव में सोमवार की रात एक ही घर में निवास कर रहे तीन परिवारों के कमरों में चोरी कर लाखों रुपये के सामान पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया। सुबह जब घर के लोग जगे तो जानकारी हुई। परिजनों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। जिसके बाद पुलिस छानबीन में जुट गई।
भरथाव गांव निवासी जय प्रकाश पाठक, ओम प्रकाश पाठक, सुनील पाठक का परिवार एक ही मकान में अलग-अलग रहता है। सोमवार को परिवार के सब लोग खाना खाकर सो गए। देर रात्रि मुख्य द्वार का ताला तोड़कर चोरों ने अंदर प्रवेश कर गए और कमरे में रखे सोने, चांदी के आभूषण, कपड़ा के अलावा नगदी पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की जानकारी मंगलवार की भोर में ओम प्रकाश की पत्नी विभा पाठक को हुई, जब ऊपर से वह अपने कमरे से बाहर निकली तो देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा है। उन्होंने शोर मचाया तो परिवार के अलावा अगल-बगल के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने बक्से के अंदर रखा आभूषण और कपड़ा देखा तो सब गायब मिला।
ओम प्रकाश पाठक की पत्नी विभा पाठक ने बताया कि 12000 नगद, सोना और चांदी के आभूषण अलावा बक्से में रखा कपड़ा चोरों ने चुरा लिया। सुनील पाठक ने बताया कि गेंहू की बुआई के लिए रखे गए 7000 नगदी व सोने चांदी के आभूषण के अलावा कपड़ा व खाने पीने के सामान पर हाथ साफ कर दिया है। जबकि जय प्रकाश पाठक वर्तमान समय दिल्ली में कार्यरत हैं उनका परिवार घर पर नहीं था, लेकिन उनके परिवार के सदस्यों का सामान घर पर ही था। जिसे चोरों ने हाथ साफ कर दिया।