बलिया। विधानसभा चुनाव की तैयारियों के क्रम में बिहार के समस्तीपुर से आई बेल कंपनी की एम थ्री मॉडल की ईवीएम से इस बार विधानसभा चुनाव कराया जाएगा। ईवीएम की जांच में इंजीनियर और कर्मचारी लगे हुए हैं।
जनपद में 2825 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। बिहार के समस्तीपुर से आई ईवीएम में 4070 बैलेट यूनिट, 3840 कंट्रोल यूनिट और 3990 वीवीपैट शामिल हैं। जिला निर्वाचन कार्यालय के एफएलसी हॉल में ईवीएम की फस्ट लेबल चेकिंग का कार्य कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच चल रहा है। कार्य स्थल के गेट पर केवल निर्वाचन कार्य से जुड़े लोगों को जाने की इजाजत दी गई है। गेट के बाहर हाथ सैनिटाइज करने के बाद ही मेटल डिटेक्टर डोर से होकर ही अंदर जाने दिया जा रहा है। बाहर खुफिया विभाग की टीम के साथ सुरक्षाकर्मी भी लोगों की गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं। एफएलसी हॉल में इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस ले जाना प्रतिबंधित है।
अब तक 7218 लोगों ने किया वोटर बनने का आवेदन
विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटा प्रशासन मतदाता सूची के पुनरीक्षण के कार्य में जुटा है। इसके लिए नवंबर में चार विशेष शिविर लगाकर नए वोटरों को जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। निर्वाचन कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक, सात नवंबर तक करीब 7218 युवाओं ने अपना नाम वोटर लिस्ट में शामिल करने का अनुरोध किया है। शनिवार को भी विशेष शिविर लगाया गया। इसके अलावा, 21 और 27 नवंबर को भी विशेष कैंप लगाकर नए वोटरों को जोड़ा जाएगा। बता दें कि जिले में करीब 24 लाख 44 हजार 595 वोटर है। इनमें 11 लाख 12 हजार 122 महिला मतदाता और शेष पुरुष वोटर हैं।
ईवीएम की फस्ट लेबल चेकिंग का कार्य जिला निर्वाचन कार्यालय के एफएलसी हॉल में सुचारू रूप से चल रहा है। कंपनी के इंजीनियरों द्वारा मशीनों की बारीकी से जांच की जा रही है। - बी राम, सहायक निर्वाचन अधिकारी, बलिया