सिकंदरपुर। तहसील क्षेत्र के ग्राम एकईल में विद्युत विभाग के सर्वे के विपरीत मार्ग पर 33 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन खींचने से उत्पन्न होने वाले खतरे को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने खतरे को ध्यान में रखते हुए अधीक्षण अभियंता विद्युत मिलकर इस पर रोक लगाने की मांग की है।
ग्रामीणों की मांग पर अधीक्षण अभियंता ने अधिशासी अभियंता को मौके पर जाकर जांच करने और रिपोर्ट देने का निर्देश दिया था। अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड तृतीय राजीव कुमार भारती और एसडीओ सिकंदरपुर बलवीर यादव ने मौके का स्थलीय निरीक्षण किया। इसमें पाया गया कि सर्वे के विपरीत ट्रांसमिशन के लोग लाइन बना रहे हैं। ग्रामीणों की मांग को ध्यान में रखते हुए अधिशासी अभियंता ने कहा कि इसकी रिपोर्ट अधीक्षण अभियंता को दी जाएगी और समस्या का समाधान भी कराया जाएगा। इस दौरान संतोष कुमार श्रीवास्तव, प्रधान प्रतिनिधि बृजेश सिंह, रविंदर सिंह, जवाहर सिंह, खड़ग बहादुर यादव, प्रभुनाथ श्रीवास्तव, लालबाबू यादव आदि ग्रामीण उपस्थित थे।