बैरिया। रेवती थाना क्षेत्र के मानगढ़ गांव में विवाहिता ने बृहस्पतिवार की शाम कमरे में लगे बांस की बल्ली में दुपट्टे का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची रेवती पुलिस ने शव को अंत्य परीक्षण के लिए भेज दिया। मृतका के चाचा ने पति समेत पांच के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। पुलिस छानबीन कर रही है।
परिजनों के अनुसार रितु कुमारी (20) की शादी 10 दिसंबर 2020 को सहतवार थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी के साथ हुई थी। आरोप है कि मृतका जब शादी के बाद विदा होकर ससुराल गई तो ससुराल वाले बाइक, सिकड़ी व अन्य सामान के लिए प्रताड़ित करने लगे। कई बार पुलिस ने पंचायत भी की, लेकिन मृतका के पति ने यह कहते हुए उसे रखने से मना कर दिया कि रितु हमसे उम्र में एक साल बड़ी है। इसको लेकर रितु मानसिक रूप से परेशान थी। वह मई महीने में परेशान होकर मायके आ गई, तब से मायके में ही थी।
कुछ दिन पूर्व रितु के चाचा एवं पूर्व प्रधान राजेंद्र यादव के मोबाइल पर फोन करके रितु के पति ने कहा कि यहां आना मत। यह सुन रितु परेशान रहने लगी। बृहस्पतिवार को दुपट्टे का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। मृतका के चाचा राजेंद्र यादव ने पति समेत पांच के खिलाफ दहेज हत्या की तहरीर रेवती थाने में दी। पुलिस छानबीन कर रही है। रेवती प्रभारी थानाध्यक्ष अजय यादव ने बताया कि तहरीर मिल गई है।