किसानों और बैंकर्स के बीच सामंजस्य स्थापित किए जाने के लिए मुख्य विकास अधिकारी प्रवीण कुमार वर्मा की अध्यक्षता में सोमवार को विकास भवन सभागार में बैठक हुई। डीएम ने किसानों की समस्याओं का संज्ञान लेते उनके त्वरित निस्तारण का निर्देश दिया है। सीडीओ ने कहा कि पशुपालन एवं मत्स्य पालन के लिए बैंक द्वारा लिमिट की सीमा बढ़ाई जाए। दिव्यांगों की समस्याओं के निस्तारण के लिए बैंक स्तर पर एक विशेष काउंटर बनाया जाए, ताकि दिव्यांगों को सहूलियत हो सके।
उन्होंने कहा कि फार्म मशीनरी बैंक के लिए लोन की व्यवस्था को और सुलभ बनाएं। लोन लेने के लिए जो पत्रावली बैंक में दी जाती है सब्सिडी लॉक की कार्रवाई आरओ ऑफिस देवरिया स्तर से किया जाता है। इससे लोन की सब्सिडी आने में काफी समय लग जाता है। बैंक में आरओ लेवल की पेंडिंग पत्रावली तत्काल प्रस्तुत कर उच्च स्तर पर भिजवाई जाएं। बैंकर्स अपने बैंक शाखा प्रबंधक एवं फील्ड ऑफिसर की बैठक कर लें तथा किसानों के बीच लोनिंग व्यवस्था को सुलभ बनाएं। बड़े लोन लेने के लिए पत्रावली गैर कृषि कार्य भूमि आवंटन के लिए नवीन शासनादेश के साथ उप जिलाधिकारी कार्यालय में प्रस्तुत की जाए, ताकि गैर कृषि कार्य आवंटित भूमि पर बैंक के माध्यम से बड़े लोन लेने में किसानों को सहूलियत हो सके। प्रशासन सभी किसानों की समस्याओं का समय से निस्तारण करने के लिए कटिबद्ध है। बैठक में कृषक अखिलेश सिंह, ब्रह्मानंद तिवारी, धीरेंद्र राय इत्यादि एवं अग्रणी जिला प्रबंधक, उप कृषि निदेशक इंद्राज, जिला कृषि अधिकारी एवं अन्य बैंकर द्वारा प्रतिभाग किया गया।