जिले में डेंगू का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। सरकारी अस्पतालों में बुखार के मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। जनपद में सोमवार को डेंगू के दो और मरीज मिले हैं। लगातार डेंगू के मरीज मिलने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा है। विभाग की ओर से एंटी लार्वा के छिड़काव आदि का दावा किया गया है।
स्वास्थ्य विभाग बुखार और डेंगू के कहर को रोकने में नाकाम साबित हो रहा है। कुछ दिनों के बाद जनपद में दो और मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। नए मरीज रसड़ा के नागपुर डेहरी और शहर के कृष्णानगर में मिले हैं। जनपद में डेंगू के कुल मरीजों की संख्या 75 पहुंच गई है। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. सुनील यादव ने बताया कि विभाग की ओर से एंटी लार्वा का छिड़काव करने के साथ ही लोगों को जागरूक किया गया है। अन्य लोगों की जांच भी कराई गई है। वहीं, वायरल बुखार और डेंगू के बढ़ते प्रकोप के बीच लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। सरकारी और निजी अस्पतालों की ओपीडी बुखार के मरीजों की भरमार है। घर-घर में लोग बुखार से तप रहे हैं। अस्पतालों की ओपीडी में मरीजों की लंबी कतारें लग रही हैं। मरीज वायरल बुखार, टाइफाइड व डेंगू के लक्षण वाले हैं।
ये करें उपाय
जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ, बीपी सिंह ने बताया कि साफ सफाई व खान पान में संयम से वायरल व डेंगू से बचाव किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि उबला और साफ पानी पीएं तथा तरल और रेशेदार भोज्य पदार्थ ज्यादा लें। बुखार होने पर विशेषज्ञ डॉक्टर की सलाह पर जांच जरूर कराएं, बिना डॉक्टर की सलाह के कोई भी दवा न लें। सफाई का विशेष ध्यान देते हुए अपने घर, दफ्तर में फ्रीज की ट्रे, कूलर, गमलों, टायरों, टंकियों और आसपास के गड्ढों में ज्यादा दिन तक एक ही पानी को जमा न होने दें।