बहराइच। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर शुरू हुई तैयारियों से शहर का वातावरण कृष्णमय हो गया। घरों से लेकर मंदिरों तक भव्य सजावट की गई है। सोमवार को जिलेभर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी धूमधाम से मनाई जाएगी। मध्य रात्रि में भगवान श्रीकृष्ण का जन्म होगा। घर-घर मां यशोदा के लाल जन्म लेंगे तो धूमधाम से बधाइयां भी बजेंगी। इसके लिए बाजारों मेें रविवार को काफी रौनक दिखी। कान्हा के पोशाक को खरीदने के लिए देर रात तक बाजार गुलजार रहे। कोरोना काल को देखते हुए पुलिस लाइन समेत अन्य जगहों पर इस बार भी सार्वजनिक कार्यक्रम नहीं होंगे। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर जिले में रौनक छाई हुई है।
जिलेभर में आज भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। इसको लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की तैयारियों को लेकर लोगों में काफी उत्साह दिखा। शहर के घंटाघर बाजार, पीपल चौराहा, छावनी बाजार, अस्पताल चौराहा, छोटी बाजार व अग्रसेन चौक पर सजी दुकानों में खरीददारी के लिए भक्तों का जमावड़ा लगा रहा। बाजार में उमड़ी भीड़ को देखकर प्रतीत हो रहा था कि मानो कान्हा की कृपा बरस रही हो। बाजार में मुकुट, पोशाक, फूल, झूला समेत अन्य सामान को खरीदने को लिए देर रात तक चहल-पहल बनी रही।
शहर के पुलिस लाइन परिसर में रविवार शाम को भक्तगण सजावट को अंतिम रूप देने में जुटे रहे। रंग-रोगन का कार्य हुई बारिश के बाद तेजी से किया जाता रहा। लोगों के अंदर सजावट के दौरान काफी उत्साह देखने को मिला। कोरोना काल के कारण पुलिस लाइन में इस बार भी सार्वजनिक कार्यक्रम नहीं किया जाएगा। इसके अलावा शहर के गुदड़ी, स्टीलगंज, अग्रसेन चौक, रेलवे स्टेशन, कचेहरी रोड समेत अन्य जगहों पर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए कृष्ण जन्मोत्सव मनाया जाएगा।
खूब बिके कान्हा के पोशाक
जन्माष्टमी की तैयारी को लेकर रविवार को बाजार गुलजार रहे। घंटाघर बाजार में स्थित दुकान के मालिक दिलीप ने बताया कि रविवार की दोपहर के बाद कान्हा के पोशाक को लेकर काफी तेज खरीददारी शुरू हुई। उमड़ी भीड़ व खरीददारी से प्रतीत हुआ कि बाजार में कान्हा को सजाने के लिए भक्तों ने लाखों रूपये खर्च किए। जो आज सजावट के आकर्षण का केंद्र रहेगा।
इस बार भी भक्तों के मन में रहेगा झांकी देखने का मलाल
शहर के पुलिस लाइन परिसर में श्री जन्माष्टमी पर होने वाले कार्यक्रम व आकर्षित करने वाली झांकी को न देख पाने का मलाल रहेगा। इस बार पुलिस लाइन में कोई सार्वजनिक कार्यक्रम का आयोजन नहीं किया जाएगा। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए पूजा व जन्मोत्सव कार्यक्रम का आयोजन कराया जाएगा।