गिलौला (श्रावस्ती)। थाना क्षेत्र गिलौला में एक्टीवेटेड सिम बेचने का धंधा धड़ल्ले से जारी है। इसकी शिकायत पर क्राइम ब्रांच प्रभारी ने मुखबिरों को लगाया था।
मुखबिर की सूचना पर गुरुवार को क्राइम ब्रांच की टीम ने गिलौला पेट्रोल पंप के निकट ढाबली में छापेमारी की। ढाबली से टीम ने अस्सी एक्टीवेटेड सिम के साथ पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया। दोनों के विरुद्ध जालसाजी व आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर जेल भेज दिया गया।
क्राइम ब्रांच प्रभारी पंकज मिश्रा को गुरुवार सुबह मुखबिर से सूचना मिली कि गिलौला पेट्रोल पंप के निकट राधेश्याम व उसके पुत्र धर्मेंद्र की ढाबली में मोबाइल की दुकान है। दोनों एक्टीवेटेड सिम बेचते हैं।
सूचना पर क्राइम ब्रांच प्रभारी ने अपनी टीम के हेमंत चौधरी, अखिलेश तिवारी, कलामुद्दीन, नवनीत व हृदय नारायण दीक्षित के साथ ढाबली पर छापेमारी की।
जहां टीम ने धर्मेंद्र पुत्र राधेश्याम सोनी व राधेश्याम पुत्र बदलूराम सोनी निवासी हन्नामार दाखिला सुविखा थाना गिलौला को गिरफ्तार किया।
दोनों के कब्जे से टीम ने विभिन्न कंपनियों के 80 एक्टीवेटेड सिम बरामद किया। टीम प्रभारी ने पिता-पुत्र के विरुद्ध गिलौला थाने में जालसाजी व आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज कराया।
पुलिस ने पिता-पुत्र को जेल भेज दिया। एक्टीवेटेड सिम के अवैध कारोबार का खुलासा करने वाली टीम को एसपी जीएन त्रिपाठी ने पांच हजार रुपये के नगद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है।
पुलिस अधीक्षक जीएन त्रिपाठी ने कहा कि एक्टीवेट सिम बेचने की सूचना पर क्राइम ब्रांच की टीम को लगाया गया था, जिसका खुलासा टीम ने किया है। यह अभियान जिले में अभी जारी रहेगा।