फखरपुर(बहराइच)। ब्लॉक क्षेत्र में प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री आवास के निर्माण में शिथिलता बरतने वाले 11 लाभार्थियों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई फखरपुर बीडीओ अशोक कुमार सिंह के निर्देश पर की गई है। कार्रवाई के बाद से आवास के लाभार्थियों में हड़कंप मचा है।
खंड विकास अधिकारी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि ब्लॉक की चार ग्राम पंचायतों के लाभार्थियों ने प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री आवास का लाभ लेते हुए धन आहरित कर लिया, लेकिन आवास पूर्ण नहीं करवाया है। आवास निर्माण के लिए लाभार्थियों को कई बार चेतावनी व नोटिस भी दिया गया। इतना ही नहीं कई बार संबंधित ग्राम पंचायत के सचिव ने उनके घर जाकर मौखिक रूप से आवास निर्माण की बात कही। इसके बावजूद लाभार्थियों ने आवास पूर्ण नहीं करवाया।
सभी 11 लाभार्थियों को प्रथम किस्त व दूसरी किस्त दी जा चुकी है, लेकिन अब तक छत डालने का कार्य भी पूर्ण नहीं हुआ है जबकि शासन स्तर पर आवास निर्माण को लेकर सख्त निर्देश दिए गए है। इसे देखते हुए संबंधित ग्राम पंचायत के सचिवों ने मुकदमा दर्ज करवाया है। इसमें गजाधरपुर के जोखन, नीरज, शमशुद्दीन, खालिदपुर के बृजेश कुमार, सुशीला देवी, सतेंद्र कुमार व इसरत बेगम, शिवराजपुर की खातूना, आरती देवी, अजीजपुर के रशीद व रीना शामिल हैं। थानाध्यक्ष परमानंद तिवारी ने बताया कि पंचायत सचिव महेंद्र कुमार की तहरीर पर नौ व प्रमोद की तहरीर पर दो लाभार्थियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।