बहराइच। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी) कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच रविवार को होगी। परीक्षा को नकलविहीन तरीके से आयोजित कराने के लिए प्रशासन द्वारा कड़े इंतजाम किए गए हैं। परीक्षा के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट व स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती की जा चुकी है। टीईटी परीक्षा का आयोजन जनपद के 15 केंद्रों पर कराया जाएगा। परीक्षा केंद्रों में राजकीय इंटर कॉलेज बहराइच, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज बहराइच, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज कैसरगंज, ठाकुर हुकुम सिंह इंटर कॉलेज कैसरगंज, महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय बहराइच, श्रीशंकर इंटर कॉलेज नानपारा, राहत जनता इंटर कॉलेज नानपारा, सआदत इंटर कॉलेज नानपारा, महाराज सिंह इंटर कॉलेज बहराइच, तारा महिला इंटर कॉलेज बहराइच, वैद्य भगवानदीन मिश्र गांधी इंटर कॉलेज बहराइच, आजाद इंटर कॉलेज बहराइच, आर्य कन्या इंटर कॉलेज बहराइच, केडीसी बहराइच व चौधरी सियाराम इंटर कॉलेज फखरपुर शामिल हैं। प्रथम पाली (प्राथमिक स्तर) की परीक्षा सुबह दस से 12.30 तक व दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर ढाई से शाम पांच बजे तक होगी। प्रथम पाली में 7484 व द्वितीय पाली में 4435 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों तक आने व जाने के लिए राज्य परिवहन निगम की बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा भी प्रदान कर दी गई है। इसके लिए परीक्षार्थियों को परिचालक के समक्ष अपने प्रवेश पत्र की फोटो कॉपी प्रस्तुत करनी होगी। रोडवेज के एआरएम मो. इरफान ने बताया कि सभी चालकों व परिचालकों को निर्देश दिया गया है कि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। सभी को आसानी से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया जाए।
सुरक्षा के कड़े इंतजामों के तहत परीक्षार्थियों को परीक्षा के निर्धारित समय से आधे घंटे पूर्व ही परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया जाएगा। ऐसे में सभी परीक्षार्थी असुविधा से बचने के लिए निर्धारित समय से आधे घंटे पूर्व परीक्षा केंद्र पर पहुंच जाएं।
सभी केंद्रों पर स्वास्थ्य विभाग की टीमें रहेंगी। स्टेटिक मजिस्ट्रेट और पुलिस बल भी तैनात रहेगा। जिन परीक्षार्थियों में कोरोना जैसे लक्षण लगेंगे उनके लिए अलग परीक्षा कक्ष का इंतजाम रहेगा।
-डॉ. दिनेश चंद्र, जिलाधिकारी, बहराइच