रूपईडीहा (बहराइच)। कस्बा स्थित डाकघर उपभोक्ता सुविधाओं से मुंह मोड़े हुए है। डाकघर मेें नेटवर्क की समस्या आए दिन बनी रहती है। नेटवर्क बाधित होने से उप डाकघर मेें आने वाले उपभोक्ता परेशान होकर बैरंग लौट रहे हैं। डाकघर प्रशासन की उदासीनता लोगों को परेशान कर रही है।
रूपईडीहा कस्बा स्थित उप डाकघर में अधिकारियों की उदासीनता के चलते समस्याओं को अंबार लग गया है। डाकघर की इंटरनेट सेवा आए दिन बाधित रहती है। इससे कार्य ठप हो जाता हैं। ऐसे मेें डाकघर आने वाले उपभोक्ताओं को रोजाना बैरंग लौटना पड़ता है। उप डाकघर मेें आधार बनाने की सुविधा भी है, लेकिन इंटरनेट सेवा बाधित होने से आधार कार्ड नहीं पा रहे हैं। हालांकि, उप डाकघर प्रशासन शीघ्र ही आधार बनाने की प्रक्रिया प्रारंभ करने का दावा कर रहा है। उप डाकघर के पोस्ट मास्टर इंद्रजीत प्रसाद ने बताया कि बहराइच मुख्यालय को पत्र लिखा गया है। शीघ्र ही उप डाकघर मेें 4 जी सेवा शुरू हो जाएगी।