बहराइच। बरगदपुरवा गांव निवासी गर्भवती महिला को सोमवार को एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया जा रहा था। तेज प्रसव पीड़ा शुरू होने पर महिला का प्रसव आशा ने एंबुलेंस में ही कराया। जच्चा-बच्चा को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
चित्तौरा विकास खंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बरगदपुरवा गांव निवासी फूलजहां (28) पत्नी कमरुद्दीन को सोमवार सुबह 10 बजे प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। परिवार के लोगों ने 102 एंबुलेंस को फोन किया। फोन करने के 15 मिनट बाद एंबुलेंस पहुंची। जिससे गर्भवती को जिला चिकित्सालय ले जाया जा रहा था। गांव से चार किलोमीटर की दूरी पर एंबुलेंस पहुंची, तभी महिला को तेज प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। महिला को असहनीय पीड़ा देख इमरजेंसी टेक्नीशियन दुर्गेश पाठक ने वाहन रोकवाया। रास्ते में ही ईएमटी, चालक अमित सिंह और आशा संगिनी के सहयोग से प्रसव वाहन में ही कराया। प्रसव के बाद जच्चा-बच्चा स्वस्थ हैं, लेकिन प्राथमिक उपचार के लिए दोनों को जिला चिकित्सालय लाकर भर्ती करा दिया गया है।