बहराइच। जिले की छह तहसीलों में बृहस्पतिवार को कृषि अधिकारियों की टीम ने छापा मारा। रेट लिस्ट व अन्य कमियों के कारण तीन दुकानों का लाइसेंस निरस्त कर दिया गया है। 12 नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
शासन के निर्देश पर बृहस्पतिवार को छह तहसीलों में कृषि अधिकारियों ने छापा मारा। नानपारा व मिहींपुरवा तहसील क्षेत्र में संचालित खाद की दुकानों पर जिला कृषि अधिकारी सतीश कुमार पांडेय, पयागपुर में कृषि रक्षा अधिकारी रामदरश वर्मा, सदर तहसील में उप कृषि निदेशक टीपी शाही, कैसरगंज में भूमि संरक्षण अधिकारी अरविंद कुमार विश्वकर्मा व उप संभागीय कृषि प्रसार अधिकारी उदय शंकर सिंह ने महसी क्षेत्र में छापा मारा। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि 44 दुकानों पर छापा मारा गया। 16 दुकानों पर संदिग्ध खाद मिलने पर नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। तीन दुकानों का लाइसेंस निरस्त किया गया। 12 दुकानदारों को नोटिस दिया गया है।
जिला कृषि अधिकारी के मुताबिक, पयागपुर में संचालित सिंह ट्रेडर्स, मनोज अग्रवाल भूपगंज बाजार और शुक्ला कृषि सेवा केंद्र, पयागपुर का लाइसेंस निरस्त किया गया है। उन्होंने बताया कि यहां बिना रेट लिस्ट व स्टॉक बोर्ड के ही खाद की बिक्री की जा रही थी। वहीं, खालसा ट्रेडर्स फखरपुर, आईएफडीसी कृषक सेवा केंद्र घासीपुर, गुप्ता खाद भंडार, अग्रवाल फर्टिलाइजर मिहींपुरवा, अमित कुमार मिहींपुरवा व राईन बीज भंडार मिहींपुरवा समेत 12 को नोटिस दिया गया है। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि खाद की दुकान संचालित करने वाले व्यापारी खतौनी व जोतबही के आधार पर ही खाद का वितरण करें। आधार कार्ड व पॉस मशीन का प्रयोग कर ही किसानों को खाद दें। स्टॉक व बिक्री रजिस्टर बेहतर न मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।