ट्रक का पहिया स्कूटी पर चढ़ा, स्कूटी क्षतिग्रस्त
खेकड़ा (बागपत)। हाईवे पर पाठशाला बस स्टैंड के पास गड्ढों से बचने के चक्कर में खेकड़ा निवासी एक स्कूटी सवार की स्कूटी पर ट्रक का पहिया चढ़ गया। इससे स्कूटी कुचलकर सड़क से चिपक गई। स्कूटी सवार ने छलांग लगाकर जान बचाई। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है।
खेकड़ा के मोहल्ला रामपुर निवासी युवक प्रमोद धामा पाठशाला बस स्टैँंड पर कैंटीन चलाते हैं। मंगलवार की सुबह करीब नौ बजे वह स्कूटी पर सवार होकर कैंटीन पर जा रहे थे। जब वह पाठशाला बस स्टैंड पर पहुंचे। तभी दिल्ली सहारनपुर नेशनल हाईवे पर बने गहरे गड्ढों से जैसे ही उन्होंने अपनी स्कूटी को बचाने का प्रयास किया तो सामने से आ रहे अनियंत्रित ट्रक ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से पहले ही वह स्कूटी से छलांग लगा दी। इससे वह तो बाल बाल बच गए, लेकिन उनकी स्कूटी ट्रक के पहिये के नीचे कुचलकर सड़क पर चिपक गई। सूचना मिलने पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया और चालक को भी हिरासत में ले लिया। पीड़ित ने कोतवाली में ट्रक चालक के खिलाफ तहरीर दी। कोतवाली पुलिस का कहना है कि सहारनपुर निवासी आरोपी ट्रक चालक अशोक कुमार को हिरासत में लिया है। उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।