चार गांवों में सोलर टंकियों की शुरुआत, दूर हुई पेयजल की किल्लत
बागपत। जिले के चार गांवों बरवाला, सिलाना, चांदनहेड़ी और शेरपुरा में लोगों को शुद्ध पेयजल मुहैया कराने के लिए सोलर टंकियों की शुरुआत की गई है। एक टंकी के निर्माण में साढ़े पांच लाख रुपये का बजट खर्च किया गया है। चारों गांवों में 12 टंकियों के निर्माण 66 लाख रुपये की धनराशि खर्च की गई है। एक टंकी से गांव के सौ परिवारों को शुद्ध पेयजल की आपूर्ति की जा रही है। इससे ग्रामीणों की पानी की किल्लत खत्म हो गई है।
लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए लघु एवं सिंचाई विभाग की ओर से जिले के बरवाला, सिलाना, चांदनहेड़ी व शेरपुर गांवों में तीन-तीन सोलर टंकियों का निर्माण कराकर सप्लाई शुरू कराई गई है। चांदनहेड़ी के रहीसू का कहना है कि टंकी का निर्माण होने से पेयजल की समस्या दूर हो गई है। अब पेयजल के लिए हैंडपंपों की दौड़ नही लगानी पड़ती। दिनेश का कहना है कि टंकी का निर्माण होने से पूर्व दिन भर हैंडपंपों से पानी की ढुलाई करनी पड़ती थी। टंकी का निर्माण होने से पानी की समस्या दूर हो गई। सोनू कुमार का कहना है कि सोलर टंकी का निर्माण होने से ग्रामीणों को काफी सहूलियत मिली है।
चार गांवों में लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए सोलर टंकियों का निर्माण कराकर सप्लाई शुरू करा दी है। टंकी का निर्माण होने से पानी की समस्या दूर हो गई है। - विपिन त्यागी, जेई, लघु सिंचाई विभाग।