बागपत के बड़ौत में दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर एक दर्दनाक हादसा हुआ। बड़ौत से थार कार में सवार होकर अपने गांव सरूरपुर गांव जा रहे भूतपूर्व सैनिक की कार में अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। जिससे कार सवार भूतपूर्व सैनिक की मौत हो गई। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस मामले में मृतक के भाई ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है।
सरूरपुर गांव निवासी भूतपूर्व सैनिक सतेंंद्र (42) पुत्र महक सिंह का बड़ौत में दिल्ली रोड पर एक रेस्टोरेंट है। शुक्रवार की रात तकरीबन 11 बजे रेस्टोरेंट से जब सतेंद्र अपनी थार गाड़ी में बैठकर अपने गांव सरूरपुर जा रहे थे तो दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर बड़ौत डिपो के सामने गलत साइड में चल रहे अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। जिससे कार सवार भूतपूर्व सैनिक की मौत हो गई।