- महापंचायत के बाद बागपत मिल के विस्तारीकरण को लेकर धरना देंगे भाकियू कार्यकर्ता
संवाद न्यूज एजेंसी
अग्रवाल मंडी टटीरी। कस्बे के दुर्गा अतिथि भवन में भारतीय किसान यूनियन की बैठक हुई। इसमें पांच सितंबर को मुजफ्फरनगर में होने वाली महापंचायत को सफल बनाने का आह्वान किया गया। महापंचायत के बाद बागपत शुगर मिल के विस्तारीकरण की मांग को लेकर कस्बे के कार्यकर्ताओं की अगवाई में धरना देने का निर्णय लिया गया।
भारतीय किसान यूनियन जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह गुर्जर ने कहा कि भाजपा शासन में महंगाई, बेरोजगारी व भ्रष्टाचार बढ़ा है। किसानों की कोई सुनवाई नहीं हो रही। बागपत शुगर मिल का विस्तारीकरण नहीं हुआ है जबकि दिल्ली-शामली रेल मार्ग पर बने अंडरपास में पानी निकासी की व्यवस्था न होने के कारण जलभराव है। इससे ग्रामीणों का आवागमन ठप हो गया है। पांच सितंबर की महापंचायत के बाद बागपत मिल के विस्तारीकरण को लेकर धरना दिया जाएगा। उन्होंने महापंचायत को सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने गूंगाखेड़ी के अभिराज तोमर को भाकियू युवा का जिला उपाध्यक्ष, टटीरी निवासी नफीस को मुस्लिम समाज का युवा नगर अध्यक्ष मनोनीत करने की घोषणा की।
संचालन इंद्रपाल प्रधान व ब्लॉक अध्यक्ष ठाकुर तेजपाल मीतली ने किया। बैठक में सहारनपुर के मंडल अध्यक्ष चौधरी ओमपाल मलिक मुख्य अतिथि रहे। बैठक में युवा जिलाध्यक्ष हिम्मत सिंह, उपेंद्र, बिजेंद्र, विजयपाल, नेपाल सिंह, पिंकी उर्फ करण सिंह, ताहिर, निसार अहमद, संजय मानव, अश्वनी, मनोज मौजूद रहे।