अग्रवाल मंडी टटीरी के उच्च प्राथमिक विद्यालय में खेतों से आया हुआ पानी भरा
- फोटो : BAGHPAT
- स्कूल में नहीं पानी की निकासी की व्यवस्था
संवाद न्यूज एजेंसी
अग्रवाल मंडी टटीरी। कस्बे की सरवानिया पट्टी में कंपोजिट (उच्च व प्राथमिक) विद्यालय का भवन जर्जर हो गया है। विद्यालय भवन के चार कमरों में से तीन कमरों की दीवारों में दरारें आ रही है। बरसात होने पर विद्यालय की छत से पानी टपकता रहता है। दीवार में दरारें आने के कारण स्कूल में कभी भी हादसा हो सकता है।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक श्रीकांत शर्मा ने बताया कि विद्यालय में प्रधानाध्यापक व एक शिक्षा मित्र सहित पांच शिक्षक है। विद्यालय के चार में से तीन कमरों में दरारें आ आ रही है। जिस कारण मंगलवार को विद्यालय पहुंचे छात्रों को एक कक्ष में ही बैठाकर शिक्षण कराया गया। इसके अलावा विद्यालय में पानी की निकासी की भी व्यवस्था नहीं है। जिससे विद्यालय परिसर में जलभराव है। विद्यालय में आस-पास के खेतों का भी पानी भरा रहता है। भवन जर्जर होने के कारण विद्यालय में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। विद्यालय भवन निर्माण के लिए नगर पंचायत से प्रस्ताव पारित कराया जा चुका है, शीघ्र ही निर्माण कार्य शुरु कराया जाएगा। नगर पंचायत चेयरमैन विनोद कुमार का कहना है कि विद्यालय भवन निर्माण के लिए 32 लाख रुपये का प्रस्ताव तैयार कर टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। विद्यालय में बिल्डिंग निर्माण के अलावा पानी की निकासी की व्यवस्था भी कराई जाएगी।