किसानों ने मलकपुर शुगर मिल पर पिछले वर्ष का गन्ना भुगतान न करने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। मलकपुर शुगर मिल की ओर से किसानों के पुराने बकाए का भुगतान न करने के विरोध में सोमवार को भाकियू ने कलक्ट्रेट में अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया। उन्होंने बकाए का भुगतान न होने तक धरना जारी रखने की चेतावनी दी। सर्दी होने के बावजूद रात में भी किसान कलेक्ट्रेट में डटे रहे। रात में किसानों ने रागिनी कर मनोरंजन किया।
भाकियू कार्यकर्ताओं का कहना था कि मलकपुर शुगर मिल ने जनवरी 2021 के बाद किसानों के गन्ने का कोई भुगतान खातों में नहीं भेजा। इस कारण किसानों को आर्थिक संकट से जूझना पड़ रहा है। महंगी बिजली दरों से खेती में समस्या हो रही है। उनका कहना था कि ऊर्जा निगम किसानों के घरों व नलकूपों के कनेक्शन काट रहा है। उन्होंने मांगें पूरी न होने तक धरना जारी रखने की चेतावनी दी। धरने में भाकियू जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह गुर्जर, जिला उपाध्यक्ष हरेंद्र दांगी, पिंटू चौधरी, विजयपाल, बंशीलाल, जितेंद्र, उदयवीर मौजूद रहे।