बागपत। खेड़ा इस्लामपुर गांव में प्रधान की मौत के बाद गांव में दो गुट हो गए हैं। दूसरे पक्ष ने बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट में प्रदर्शन कर डीएम को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने एससी जाति के पंचायत सदस्य को प्रधान पद की जिम्मेदारी सौंपने की मांग की।
खेड़ा इस्लामपुर गांव के दस पंचायत सदस्य ग्रामीणों के साथ कलक्ट्रेट पहुंचे। उनका कहना था कि ग्राम प्रधान की मौत के बाद पद खाली हो गया है। गांव के प्रभावशाली लोग माहौल खराब करने के लिए चुनाव कराने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि ग्राम पंचायत में पंद्रह सदस्य हैं। जिसमें से दस सदस्य एक साथ हैं। वे अनुसूचित जाति के सदस्य को ग्राम प्रधान बनाना चाहते हैं। उन्होंने डीएम को सौंपे ज्ञापन मेें किसी एक सदस्य को प्रधान पद का चार्ज देने की मांग की। इस मौके पर तेजपाल, अजेंद्र सिंह, गजेंद्र सिंह, विनोद कुमार, सुशील कुमार, योगेश, जितेंद्र मौजूद रहे। उधर, गांव के युवकों में किसी बात को लेकर कलक्ट्रेट में झगड़ा हो गया। उन्होंने एक-दूसरे से मारपीट शुरू कर दी। ग्रामीणों ने युवकों को समझा-बुझाकर शांत किया।