राजकीय विद्यालयों के बाद अब माध्यमिक विद्यालयों में शुरू होगा अलंकार प्रोजेक्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। राजकीय विद्यालयों की तर्ज पर अशासकीय मान्यता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों की सूरत संवारने के लिए प्रोजेक्ट अलंकार शुरू किया गया है। इसके अंतर्गत विद्यालयों में बाउंड्री वॉल, गेट, कक्षों का निर्माण समेत अन्य कार्य कराए जाएंगे। शासन के निर्देश के बाद जिले में विद्यालयों का सर्वे कराया जाएगा। विद्यालयों में निर्माण कार्य कराने के लिए जिला स्तर पर डीएम की अध्यक्षता में चार सदस्यीय और सर्वे के लिए एसडीएम की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय टीम का गठन किया जाएगा।
शासन ने राजकीय विद्यालयों की सूरत संवारने के लिए अलंकार प्रोजेक्ट लागू किया। प्रोजेक्ट अंतर्गत जिले के 19 राजकीय विद्यालयों में निर्माण कार्य का प्रस्ताव तैयार किया गया था। अब राजकीय विद्यालयों की तर्ज पर माध्यमिक विद्यालयों को भी शामिल किया गया है। अलंकार प्रोजेक्ट अंतर्गत अब माध्यमिक विद्यालयों में निर्माण कार्य कराए जाएंगे। शासन के निर्देश पर विद्यालयों का सर्वे कराया जाएगा। सर्वे के उपरांत विद्यालयों की रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी। प्रोजेक्ट अंतर्गत विद्यालयों का जीर्णोद्धार, मरम्मत कार्य, पुनर्निर्माण, निर्माण, बाउंड़ी वॉल, गेट, खिडक़ी, कक्षों का निर्माण कराया जाएगा। सर्वे के लिए जिला स्तर पर टास्क फोर्स का गठन किया जाएगा। इसमें एसडीएम अध्यक्ष, राजकीय विद्यालय के प्रधानाचार्य सदस्य सचिव और तहसीलदार, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता सदस्य व अशासकीय माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य सदस्य नामित किए जाएंगे।
निर्माण के लिए ऐसे मिलेगा बजट
प्रोजेक्ट अंतर्गत 300 से 500 छात्र संख्या पर 25 लाख रुपये, 500 से एक हजार छात्र संख्या पर 50 लाख रुपये, एक हजार से 1500 छात्र संख्या पर 75 लाख रुपये, 1500 से दो हजार छात्र संख्या में एक करोड़ और दो हजार से अधिक छात्र संख्या पर सवा करोड़ रुपये की धनराशि प्रदान की जाएगी।
वर्जन
प्रोजेक्ट अलंकार के तहत राजकीय विद्यालयों की तर्ज पर माध्यमिक विद्यालयों का सर्वे कराया जाएगा। इसके उपरांत विद्यालयों में निर्माण कार्यों का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा जाएगा।-रवींद्र सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक