उत्तर प्रदेश के बागपत सहित 26 जनपदों में दस हजार अपात्र कार्डधारकों को 80 लाख रुपये का करीब चार हजार क्विंटल राशन बांटे जाने का मामला पकड़ में आया है। वर्ष 2019 में काटे गए अपात्र कार्डधारकों के नाम पीओएस (प्वाइंट ऑफ सेल) मशीन में अपडेट नहीं होने से यह गड़बड़झाला हुआ है। शासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एसआईटी (विशेष जांच दल) गठित की है। एसआईटी ने बागपत जनपद से इस मामले की जांच शुरू की है। शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, सहारनपुर, मेरठ सहित अन्य 25 जनपदों में बारी-बारी जांच करेगी। इसके बाद कार्रवाई के लिए शासन को अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।
मामला वर्ष 2019 के सितंबर और अक्तूबर माह का है। आपूर्ति विभाग ने जांच में अपात्र पाए जाने पर जनपद बागपत से 108 राशन कार्ड काटे थे। अन्य 25 जनपदों में भी इसी तरह जांच कर तकरीबन दस हजार अपात्र लोगों के राशन कार्ड काटे गए। काटे गए राशन कार्ड की रिपोर्ट सरकारी वेबसाइट एनआईसी (नेशनल इनफोरमेटिक्ससेंटर) पर अपलोड करने के निर्देश दिए थे। साथी पीओएस मशीन में अपडेट के लिए निर्माता कंपनी आर्मी इन्फोटेक के अधिकारियों को दी थी, ताकि अपात्र लोगों को राशन वितरण न हो सके। मगर, अपडेट नहीं होने के कारण 26 जनपदों में 80 लाख रुपये का तकरीबन चार हजार क्विंटल राशन अपात्र लोगों को बांट दिया गया। मामला शासन की पकड़ में आया तो गंभीरता से लेते हुए एसआईटी गठित की गई। एसआईटी ने बागपत जनपद से इस मामले की जांच शुरू की है। लखनऊ से पहुंची टीम अधिकारियों ने तीन दिन यहां रहकर रिकॉर्ड खंगाले। अन्य 25 जनपदों में बारी-बारी जांच होगी।
इन जनपदों में हुआ वितरण
बागपत, शामली, मुजफ्फरनगर, हाथरस, रामपुर, संभल, अलीगढ़, कासगंज, सहारनपुर, गाजियाबाद, हापुड़, मुरादाबाद, फिरोजाबाद, मेरठ, बदायूं, पीलीभीत, मैनपुरी, आगरा, गौतमबुद्धनगर, अमरोहा, बिजनौर, एटा, मथुरा, बुलंदशहर, बरेली, शाहजहांपुर शामिल है।
निर्धारित समय में मशीन को क्यों नहीं किया गया अपडेट
आपूर्ति विभाग के अफसरों के अनुसार हर माह की एक से चार तारीख तक पीओएस मशीनों को अपडेट करने का समय निर्धारित है। इसके बाद पांच तारीख से राशन वितरण शुरू होता है, जो 15 तक चलता था। इसके बाद 20 तारीख से राशन शुरू होता है, जो 30 तारीख तक चलता है। हैरानी की बात यह है कि वर्ष 2019 के सितंबर और अक्तूबर माह में मशीनों को अपडेट नहीं किया गया। कंपनी के अधिकारी सर्वर डाउन होने की बात कर रहे है। मगर, एक या दो या फिर तीन से चार दिनों तक सर्वर डाउन रह सकता है, लेकिन एक साथ दो माह तक सर्वर डाउन रहे, यह बात हजम नहीं होती।
यह भी पढ़ें: खास रिपोर्ट: खाप की ‘खाद’ से मजबूत हुईं किसान आंदोलन की जड़ें, पढ़िए भाजपा नेताओं पर गुजरी आपबीती की कहानी