पुलिस का व्यवहार ठीक नहीं होने के आरोप में चार सितंबर को धरना देने की की गई थी घोषणा
राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ पहुंचे पदाधिकारियों ने 14 मांगों को लेकर सौंपा एसपी को ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। भाकियू तोमर गुट के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजीव तोमर के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को एसपी से वार्ता की। काफी देर बातचीत हुई और उसके बाद भाकियू ने शनिवार को एसपी कार्यालय पर होने वाला धरना-प्रदर्शन स्थगित कर दिया। साथ ही 14 मांगों को लेकर मुख्यमंत्री व डीजीपी को संबोधित ज्ञापन एसपी को सौंपा। 15 दिन के अंदर समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई।
भाकियू तोमर गुट ने पुलिस का किसान व आम जनता के प्रति व्यवहार ठीक नहीं होने का आरोप लगाते हुए चार सितंबर को एसपी कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन करने का कार्यक्रम तय किया हुआ था। इस कारण ही एसपी नीरज कुमार जादौन ने उनको शुक्रवार को बातचीत के लिए बुलाया। राष्ट्रीय अध्यक्ष संजीव तोमर के साथ अन्य पदाधिकारी एसपी मिले। एक ज्ञापन सीएम व डीजीपी के नाम एसपी को सौंपा गया। इसमें तीनों कानून वापसी, गन्ने का भाव 450 रुपये क्विंटल करने, गन्ने का बकाया भुगतान दिलाने समेत अन्य मांग शामिल थी। इसके अलावा कहा गया कि पुलिस का क्रॉस केस का खेल खत्म हो और पुलिस का किसान व आम जनता के प्रति व्यवहार ठीक किया जाएं। कंडेरा के युवक भरत हत्याकांड के खुलासे से परिजन संतुष्ट नहीं है और उनको जान का खतरा बना हुआ है। 112 पर काल करने के बाद पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले जाती है। बाद में दबाव बनाकर रुपये लेकर उन्हें छोड़ दिया जाता है। जानलेवा हमला व दुष्कर्म जैसे गंभीर मामलों की जांच के बाद ही मुकदमा दर्ज किया जाएं। किसानों पर बिजली विभाग फर्जी मुकदमे दर्ज करा रही है। पुलिस की मिलीभगत से सट्टे की खाईबाड़ी व नशे का अवैध कारोबार चल रहा है। थानों में रिश्वत खोरी चरम पर है, जिस पर रोक लगाई जाए। इस दौरान निखिल चौधरी, नीटू, राममेहर तोमर, चंद्रवीर सिंह आदि मौजूद रहे। एसपी नीरज कुमार जादौन ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों की जांच कराकर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।