फोटो-01एयूआरपी-03- चोरी के बाद कमरे में बिखरा पड़ा सामान। संवाद
- फोटो : AURAIYA
फफूंद। दिबियापुर रोड स्थित बाइक शोरूम और पहली मंजिल पर बने कमरे में घुसे चोरों ने लाखों रुपये के जेवर और नकदी चुरा ली। आहट पाकर उठे एजेंसी मालिक ने भागते समय एक चोर को पकड़ लिया, जबकि अन्य चोर चोरी का सामान लेकर भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस पकड़े गए युवक को साथ ले गई और पूछताछ कर रही है।
फफूंद थाना क्षेत्र के राजा का पुरवा निवासी अनुज कुमार ने बताया कि दिबियापुर रोड पर उनका बाइक का शोरूम है। इसी के ऊपर वह कमरे में पत्नी पायल और डेढ़ साल की बेटी अवनि के साथ रहते हैं। बताया कि एजेंसी की पहली मंजिल पर पीछे भी एक गेट लगा है। इसमें शीशा लगाने के लिए कुछ जगह छूटी थी।
मंगलवार रात चोर इसी रास्ते से एजेंसी के अंदर घुसे और कमरे तक जा पहुंचे। घर में सभी लोग सो रहे थे। इसका फायदा उठाते हुए चोर अलमारी में रखे करीब 14 लाख कीमत के सोने, चांदी के जेवर और एजेंसी के काउंटर से करीब चौरासी हजार रुपये चुरा ली। एक चोर के कमरे से वापस जाते समय उन्हें आहट लगी तो वह उठ गए। तभी चोर भागने लगा।
उन्होंने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया। इसी बीच पत्नी ने फोन कर पुलिस बुला ली। पुलिस के आने से पहले एजेंसी के नीचे पहुंच चुके अन्य चोर भाग निकले। पुलिस के पहुंचने पर पकड़े गए युवक ने अपना नाम योगेश उर्फ विवेक निवासी केशमपुर बताया। तलाशी के दौरान उसकी जेब से एक जंजीर और चार हजार की नकदी मिली है।
शोरूम मालिक ने थाने में तहरीर दी है। थानाध्यक्ष प्रदीप अवस्थी ने बताया कि जांच की जा रही है। पकड़े गये युवक से उसके अन्य साथियों की जानकारी की जा रही है। जल्द ही सभी चोरों को गिरफ्तार कर चोरी किया गया माल बरामद किया जाएगा।
फोटो- 01एयूआरपी-04- शोरूम में छानबीन करती पुलिस। संवाद- फोटो : AURAIYA