दिबियापुर (औरैया)। थानाक्षेत्र के ककराही पुलिया के कार सवार ने युवक से पता पूछने के बहाने लूटपाट की। युवक बचने के लिए चलती कार से कूद पड़ा। जिससे घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया। युवक ने बताया वह झारखंड का रहने वाला है। कार सवार ने पता बताने के लिए बैठा लिया था। इसके बाद 12 हजार रुपये लूट लिए। पुलिस मामले को संदिग्ध बताकर जांच में जुटी है।
औरैया दिबियापुर मार्ग पर मंगलवार दोपहर ककराही पुलिया के पास पड़े घायल पड़े राहुल पुत्र शुभम निवासी डाल्टनगंज, जिला पालामऊ झारखंड ने बताया कि वह दिल्ली में काम करता है। वह अपने साथी महेश निवासी झींझक कानपुर देहात के घर आया था। मंगलवार को अपने साथी के साथ झींझक से दिल्ली जाने के लिए वह दिबियापुर आया। यहां पर कुछ खाने पीने का सामान खरीदने के लिए बाजार निकला था। उसका दोस्त महेश उसे फफूंद चौराहे पर खड़ा करके बाजार चला गया।
इसी बीच पहले से खड़ी एक कार में सवार चार लोगों ने पीड़ित से फफूंद का रास्ता पूछा। रास्ता की जानकारी से इनकार किया तो बातों में उलझाकर उसे कार में बैठा लिया। कार के दरवाजे बंद कर कार को औरैया की ओर दौड़ा दिया। कार के अंदर सवार लोगों ने पीड़ित के साथ मारपीट की।
आरोपियों ने जेब में पड़े 12 हजार रुपये छीेन लिए। आरोपी जब मोबाइल छीन रहे थे, इसी बीच वह कार का दरवाजा खोलकर कूद गया। इससे पीड़ित को चोटें आईं हैं। प्रभारी निरीक्षक विकास राय का कहना है कि मामला संदिग्ध लग रहा है। फिर भी मामले की जांच की जा रही है। घायल ने अपने मित्र के घर झींझक जाने के लिए कहा तो एक दरोगा को साथ में भेजा है।