औरैया। शहर के तिलक स्टेडियम में तीन दिवसीय सांसद खेल स्पर्धा के दूसरे दिन फर्राटा दौड़ में बालक वर्ग में अभिषेक व बालिका वर्ग में अनामिका ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। मुख्य अतिथि सांसद प्रतिनिधि मनीष कठेरिया ने रविवार को कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
तिलक स्टेडियम में सांसद खेल प्रतियोगिता में 100 मीटर फर्राटा दौड़ में अभिषेक यादव ने प्रथम, अस्तिम ने द्वितीय, राज तिवारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग की फर्राटा दौड़ में अनामिका पाल ने प्रथम, नंदनी तिवारी द्वितीय, प्रिंसी सिंह तृतीय व 200 मीटर बालक वर्ग की दौड़ में राज तिवारी प्रथम, आशुतोष कुमार द्वितीय, मुनेंद्र प्रताप तृतीय रहे। 200 मीटर बालिका वर्ग में नंदनी प्रथम, प्रिंसी द्वितीय, नेहा तृृतीय व 800 मीटर बालक वर्ग में ओम प्रथम, हर्ष यादव द्वितीय, अर्पित तृतीय रहे।
बालिका वर्ग की 800 मीटर दौड़ में नेहा पाल प्रथम, मानसी गौतम द्वितीय व 3000 मीटर बालक वर्ग दौड़ में मोहित यादव प्रथम, अनूप कुमार द्वितीय व राहुल कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बालक वर्ग कबड्डी में शहर के चौधरी विशंभर सिंह भारतीय विद्यालय इंटर कालेज की टीम विजेता रही। बीबीएस एकेडमी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
इससे पहले प्रतियोगिता का शुभारंभ सांसद प्रतिनिधि मनीष कठेरिया ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। प्रतियोगिता के संचालन में तिलक महाविद्यालय खेल संकाय के विभागाध्यक्ष प्रो. शिवमंगल सिंह चौहान, प्रो. सत्येंद्र भदौरिया ने योगदान दिया। प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका जिला व्यायाम शिक्षक हरभूषण सिंह, ब्लॉक व्यायाम शिक्षक सहार सुशील कुमार, ब्लॉक व्यायाम शिक्षक अछल्दा पंकज प्रताप सिंह, ब्लॉक व्यायाम शिक्षक भाग्यनगर शिव प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे।