गजरौला(अमरोहा)। दो महिलाओं के ब्लैकमेल करने से तंग आकर युवक ने जान देने के लिए आग लगा ली। वह गंभीर रूप से झुलस गया। उसके चीखने-चिल्लाने पर इकट्ठा हुए लोगों ने किसी तरह आग बुझाई। युवक को मेरठ में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दोनों महिलाओं के खिलाफ ब्लैकमेल करने की एफआईआर दर्ज कर ली है।
नगर के मोहल्ला बैंक कालोनी निवासी पूनम देवी का 27 वर्षीय बेटा निशांत थाना क्षेत्र के गांव नगलिया मेव में काज बटन का काम करता है। पूनम का आरोप है कि उसके बेटे को दो महिलाओं ने जबरदस्ती गलत इल्जाम में फंसा लिया है। दोनों बार-बार धमकी देती थीं कि तुम हमको रुपये दे दो नहीं तो हमारे पास जो तुम्हारी वीडियो है, उसे वायरल कर देंगे। झूठे मुकदमे में फंसा कर जेल भेजने की धमकी भी देती थीं। दोनों ने निशांत से दो लाख रुपये नकद ले लिए। वह उसे ब्लैकमेल कर रही हैं। जिससे तंग आकर निशांत ने जीवन लीला समाप्त करने के लिए खुद को आग लगा ली। वह गंभीर रूप से झुलस गया। जिसे मेरठ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने पूनम की तहरीर पर बेटे को ब्लैकमेल करने के आरोप में शिवानी पत्नी निक्की व राजवती के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। थाना प्रभारी सुशील कुमार वर्मा का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।