अमरोहा के डिडौली कोतवाली क्षेत्र के नसीरपुर गांव में होली पर डीजे बजाने को लेकर दो पक्षों में हुए विवाद में रविवार को दोनों पक्ष फिर भिड़ गए। मारपीट में तीन लोग घायल हो गए। पीड़ित पक्ष ने मामले की तहरीर दी है। एसओ सुनील मलिक ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। गांव में माहौल खराब नहीं होने दिया जाएगा।
अमरोहा के डिडौली कोतवाली क्षेत्र के नसीरपुर गांव में होली के मौके पर डीजे बजाने को लेकर उपजा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। नसीरपुर गांव में तीसरे दिन रविवार को भी दो पक्षों के बीच संघर्ष हो गया। संघर्ष में एक पक्ष के तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को खदेड़ कर स्थिति को नियंत्रित किया। एक पक्ष की तरफ से तहरीर दी गई है। इस घटना के बाद से गांव में व्याप्त तनाव से दहशत फैल गई है। एसओ ने बताया कि तहरीर के आधार पर घटना की जांच की जा रही है। अराजक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
डिडौली कोतवाली क्षेत्र के नसीरपुर गांव में दो वर्गों के लोग रहते हैं। शुक्रवार को होली के दिन डीजे बजाने पर दोनों पक्षों में मारपीट हो गई थी, जिससे तनाव व्याप्त गया था। इस दौरान गांव के जिम्मेदार लोगों ने दोनों पक्षों को समझाकर झगड़े को शांत करा दिया था। रविवार को फिर से दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। एक पक्ष ने दूसरे के घर पर चढ़ाई कर दी। घर में घुसकर गाली गलौज और मारपीट की। मारपीट में तीन लोग घायल हो गए। पीड़ित पक्ष ने घटना की जानकारी डायल 112 को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। इस बीच आरोपी फरार हो गए।
मामले में रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए एक पक्ष की ओर से तहरीर दी गई है। जिसमें तहरीर के आधार पर पुलिस पड़ताल में जुट गई है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया है।