अमरोहा। लगभग 16 महीने के बाद स्कूलों में अब 24 अगस्त से पठन पाठन शुरू होगा। छठी से आठवीं तक के बच्चों को स्कूल में बुलाया गया है। कोविड प्रोटोकॉल के लिए 50 प्रतिशत बच्चे स्कूल आएंगे, आधे बच्चे ऑनलाइन पढ़ाई करेंगे। बीएसए ने निर्देश दिए हैं कि शिक्षक, कर्मचारी, रसोइयों का शत प्रतिशत टीकाकरण कराना होगा। खंड शिक्षा अधिकारियों को स्कूलों में पठन पाठन की निगरानी का निर्देश मिला है।
जिले में 466 उच्च प्राथमिक स्कूल हैं। इसमें कक्षा छठवीं से आठवीं तक की पढ़ाई होती है। कोरोना संक्रमण के दूसरी लहर के नियंत्रण के बाद 24 अगस्त से स्कूल खुलेंगे। इसके लिए कोविड 19 के प्रोटोकॉल का पालन करना जरूरी है। बच्चों की संख्या सीमित रखने के लिए 50 प्रतिशत उपस्थिति के निर्देश दिए गए हैं। स्कूल खोलने से पहले सैनिटाइजेशन कराना आवश्यक है। ताकि कक्षा और फर्नीचर विसंक्रमित हो जाए। इसके अलावा बच्चों को स्कूलों में दाखिले से पहले थर्मल स्क्रीनिंग की जाएगी। इसके साथ ही मास्क लगाकर आएंगे। हाथों को धुलने के लिए सैनिटाइजेशन के लिए प्रेरित किया जाएगा। बच्चों को बैठाने में छह फीट की दूरी रखेंगे। प्रधानाध्यापकों से कहा गया है कि स्वास्थ्य विभाग से समन्वय बनाकर बच्चों का परीक्षण किया जाए। इसके अलावा स्कूल में कोविड टास्क फोर्स बनाएं। स्कूल में भीड़ न हो, इसके लिए गेट को खोले रखें। स्कूल महानिदेशक ने कहा कि घर में पढ़ाई करने वालेे विद्यार्थी के संपर्क में शिक्षक रहें ताकि उनके पढ़ाई का क्रम न टूटे।
कक्षा छह से आठवीं तक के स्कूल खोलने के बारे में आदेश मिले हैं। राजकीय शोक के चलते 23 अगस्त को अवकाश है। ऐसे में अब स्कूल 24 अगस्त से खुलेंगे। छात्रों की उपस्थिति के लिए निर्देशित किया गया है। - चंद्रशेखर, बीएसए