पनीर की सब्जी की कीमत को लेकर हुए विवाद के बाद तीन युवकों ने अपने 20-25 साथियों को बुलाकर होटल मालिक के साथ मारपीट की। उस पर लाठी डंडे व सरियों से हमला कर घायल कर दिया। कर्मचारियों के साथ भी मारपीट की। तोड़फोड़ करते हुए सब्जी से भरे भगौने फेंक दिए। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने घायल होटल स्वामी को सीएचसी में भर्ती कराया। आरोपियों की धर पकड़ को उनके घर दबिश दी।
सुल्तान नगर मोहल्ला निवासी रमेश का चौपला चौकी से चंद कदम की दूरी पर होटल है। वह बुधवार की अपराह्न तीन बजे होटल पर था।इस दौरान तीन युवक खाना खाने आए। युवकों ने होटल मालिक से पनीर की सब्जी की थाली की कीमत पूछते हुए पैक करने को कहा। बताया जा रहा है कि होटल स्वामी ने 80 रुपये की थाली बताई। युवकों ने 40 रुपये की पनीर की सब्जी लगाने की बात कही। इससे इनकार करने पर तीनों युवक गाली गलौज करते हुए चले गए। कुछ देर अपने साथ 20-25 युवकों को लेकर आए। बाइकों पर सवार युवकों के हाथ में लाठी डंडे, सरिये और बर्फ तोड़ने के सूजे थे। आरोप है कि युवकों ने होटल स्वामी रमेश के साथ गाली गलौज करते हुए उस पर सरियों से हमला कर दिया। जिससे वह घायल हो गया। होटल पर काम कर रहे कर्मचारियों के साथ भी मारपीट की। इसके बाद युवकों ने होटल में तोड़फोड़ करते हुए सब्जी को बिखेर दिया। भगौने, व कुर्सियां तोड़ दीं। जिसकी सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची,लेकिन तब तक आरोपी युवक फरार हो गए थे। आरोपी थाना क्षेत्र के चौबारा और नवादा निवासी बताए जा रहे हैं। घायल को पुलिस ने उपचार के लिए सीएचसी भेजा। थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि इस मामले में एक नामजद और तीन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी को दबिश दी जा रही है। उधरथाना क्षेत्र के गांव चौबारा में दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। एक पक्ष ने मारपीट करने और पांच हजार रुपये छीनकर ले जाने का आरोप लगाया। थाने पहुंच कर पुलिस से कार्रवाई की मांग की।