अमरोहा। देवोत्थान एकादशी से सहालग की शुरुआत हो गई। पहले दिन जिले में बैंडबाजा और बरात की धूम रही। दिन की अपेक्षा शाम को शहर की प्रमुख सड़कों पर बरात चढ़ने के सिलसिला शुरू हुआ, जो देर रात तक चलता रहा। कई स्थानों पर विवाह मंडप के आसपास जमकर आतिशबाजी भी हुई। शाम होते ही तैयार होकर घरों से लोगों के शादियों में जाने का दौर शुरू हो गया था। अनसूझ सहालग होने से सबसे ज्यादा शादियां हुई।
अमरोहा शहर में तकरीबन हर बैंकेंट हाल और होटल में रविवार को शादियों की धूम रही। देवोत्थान एकादशी को अनसूझ सहालग होने के कारण इस दिन सबसे ज्यादा शादियां होती हैं। शादियों की तैयारी परिवार काफी पहले से ही कर रहे थे। कई-कई माह पहले से लोगों ने शादी के लिए वैकेंट हाल, होटल और धर्मशाला आदि की बुकिग करा रखी थी। जिन लोगों को उनके बजट के अनुसार उपयुक्त स्थल नहीं मिल सका, उन्होंने घर के आसपास खुले स्थानों और पार्कों आदि में शादी की तैयारियां कर रखी थी। अनेक स्थानों पर दिन में शादी समारोह धूमधाम से संपन्न हुए। अब इस महीने में 16,19, 20, 21, 28, 29 और 30 नवंबर को शादी के लग्न है।