अमरोहा सीएमओ कार्यालय पर मांगों को लेकर प्रदर्शन करतीं एएनएम।
- फोटो : JPNAGAR
अमरोहा। एएनएम कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मांगों को लेकर सीएमओ दफ्तर और कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। रविवार और सार्वजनिक अवकाश में काम कराने का विरोध जताया। कोविड-19 के टीकाकरण और हाई रिस्क प्रेग्नेंसी के चिन्हांकन के लिए भुगतान कराने की मांग की। डीएम को पत्र सौंपकर स्वास्थ्य कर्मियों की तर्ज पर 50 लाख रुपये का मुआवजा दिलाए जाने की मांग की।
जिलेभर की एएनएम सीएमओ दफ्तर में एकत्र हुईं। यहां विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। बाद में कलक्ट्रेट पहुंचेे और डीएम बीके त्रिपाठी को ज्ञापन सौंपकर कहा कि वर्ष 2020 में प्रशिक्षण अवधि का भुगतान नहीं हुआ है। जबकि मानदेय बेहद कम है, जबकि टीकाकरण और सर्वे के कार्यों के लिए रोजाना 150 से 200 रुपये तक खर्च हो रहा है। इसके चलते मानदेय में परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है। एएनएम ने एक स्वर में कहा कि आयुष्मान योजना की सुविधा का लाभ नहीं मिल रहा है। इसके चलते परिवार के सदस्यों के इलाज में मानदेय से खर्च करना पड़ता है। इसके अलावा एएनएम की सेवा काल की ड्यूटी के दौरान मौत पर मुआवजे का प्रावधान नहीं है। हालात को देखते हुए 50 लाख रुपये की सहायता राशि दी जाए। इस दौरान रेशमा, सुमन, प्रीति, केसर, भगवानी, अर्चना, पुष्पा यादव, सीमा, आशा यादव, साक्षी, पूजा, मीरा, रीतू, सरिता, माया, लक्ष्मी, सुधा आदि रहीं।