गौरीगंज (अमेठी)। परिवहन विभाग की सख्ती तथा समय देने के बावजूद 469 स्कूली वाहनों ने फिटनेस के लिए स्लॉट नहीं बुक कराया जबकि विभाग की ओर से इनके लिए स्लॉट की संख्या बढ़ाकर 100 कर दी गई थी। एआरटीओ ने ऐसे सभी संस्थानों को नोटिस जारी कर पंजीकरण निरस्त करने तथा सार्वजनिक स्थल पर वाहन मिलने पर उसे सीज करते हुए केस दर्ज कराने की चेतावनी दी है।
मंगलवार को अमेठी कोतवाली क्षेत्र के बारामासी बाजार के समीप एक स्कूली वाहन के दुर्घटना ग्रस्त होने तथा उस पर सवार करीब 15 बच्चों के घायल होने के बाद परिवहन विभाग सख्त हो गया है। परिवहन अफसर उसी दिन से टीम बनाकर ऐसे सभी संस्थानों पर पहुंचे और वाहनों का तत्काल फिटनेस कराने के लिए स्लॉट बुक कराने का निर्देश दिया।
एआरटीओ प्रशासन सर्वेश कुमार सिंह ने स्लॉट बुक करने की क्षमता को 50 से बढ़ाकर 100 कर दिया था। बावजूद इसके सिर्फ तीन वाहनों ने फिटनेस कराया। एआरटीओ ने बताया कि उनके कार्यालय में पंजीकृत कुल 469 वाहनों का अब तक फिटनेस के लिए स्लॉट तक नहीं बुक कराया गया है। बताया कि ऐसे संस्थानों को नोटिस भेजकर उनके वाहन का पंजीकरण निरस्त करने, सार्वजनिक स्थलों पर वाहन संचालित पाए जाने पर वाहन को तत्काल सीज करते हुए केस दर्ज कराए जाने की चेतावनी दी गई है।