गौरीगंज (अमेठी)। पावर कारपोरेशन के अफसरों व कर्मचारियों द्वारा अनियमितता व लापरवाही बरतने की लगातार शिकायतें मिल रही हैं। डीएम के निर्देश के बावजूद अफसर शिकायतों का निस्तारण नहीं कर रहे हैं। इससे नाराज डीएम ने शासन को पत्र भेजकर जिले में तैनात ऐसे अफसरों व कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति की है।
डीएम अरुण कुमार के अनुसार पिछले कई माह से जिले में जनसुनवाई, संपूर्ण समाधान दिवस, थाना समाधान दिवस, आईजीआरएस पोर्टल सहित विभिन्न माध्यमों से जन सामान्य द्वारा बिजली विभाग की ओर से की जाने वाली लापरवाही एवं अनियमितता संबंधी शिकायतें बड़ी संख्या में प्राप्त हो रही हैं। इनमें सबसे अधिक शिकायतें मीटर रीडर की लापरवाही से विद्युत बिल की गलत रीडिंग की आ रही हैं।
पावर कारपोरेशन विभाग के कर्मचारियों एवं अधिकारियों द्वारा अनुश्रवण व पर्यवेक्षणीय दायित्वों का निर्वहन ठीक ढंग से नहीं किया जा रहा है। इससे जहां एक ओर जन शिकायतों में वृद्धि हो रही है वहीं जनता में शिकायतों की सुनवाई न होने से आक्रोश बढ़ रहा है। डीएम ने बिजली संबंधी बढ़ती शिकायतों को लेकर अफसरों को कई बार निर्देश दिया।
बावजूद इसके विभाग की कार्यप्रणाली में कोई सुधार नहीं हो रहा और न ही वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा अधीनस्थ अधिकारियों/कर्मचारियों पर कोई कार्यवाही की गई है। इस पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए जिले में तैनात अधीक्षण अभियंता, चार अधिशासी अभियंता समेत सभी उपखंडों पर तैनात एसडीओ और जेई के खिलाफ शासन से कार्रवाई की संस्तुति की गई। डीएम ने संबंधित अधिकारियों/कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही करने के लिए शासन को पत्र भेजा है।