गौरीगंज (अमेठी)। पीजीटी परीक्षा मंगलवार को सुरक्षा व हाईटेक निगरानी व्यवस्था के बीच तीन केंद्रों पर संपन्न हुई। परीक्षा के लिए दो पालियों में पंजीकृत 1759 परीक्षार्थियों में से 269 परीक्षा में शामिल नहीं हुए। केंद्रों पर स्क्रीनिंग के बाद मास्क व सैनिटाइजर के साथ परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी तो अफसर परीक्षा का निरीक्षण करने में जुटे रहे।
माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से संचालित इंटर कॉलेजों में रिक्त प्रवक्ता पद पर नियुक्ति के लिए अर्ह पीजीटी परीक्षा मंगलवार को जिले में पहली व दूसरी पाली में तीन केेंद्रों पर आयोजित हुई। कोविड संक्रमण के बीच परीक्षा के लिए विभाग ने स्कूलों के गेट पर परीक्षार्थियों की थर्मल स्क्रीनिंग करने के बाद मास्क व सैनिटाइजर के साथ प्रवेश दिया।
प्रवेश पाने के बाद पहली पाली में रानी सुषमा देवी बालिका इंटर कॉलेज में 185 परीक्षार्थियों में 149 परीक्षार्थी शामिल हुए तो 36 ने परीक्षा छोड़ दी। इसी केंद्र पर दूसरी पाली में पंजीकृत 288 परीक्षार्थियों में 232 परीक्षार्थी शामिल हुए तो 56 अनुपस्थित रहे।
शिव प्रताप इंटर कॉलेज में पहली व दूसरी पाली में 600-600 परीक्षार्थियों को शामिल होना था। पहली पाली में 511 तो दूसरी पाली में 525 परीक्षार्थी ही शामिल हुए। दूसरी पाली में जीआईसी टीकरमाफी में आयोजित परीक्षा में पंजीकृत 92 परीक्षार्थियों में 79 शामिल हुए तो 13 अनुपस्थित रहे।
परीक्षा की शुचिता कायम रह सके इसके लिए शहर स्थित जीजीआईसी में ऑनलाइन तो स्कूल में सीसीटीवी कैमरे से निगरानी की गई तो गठित एएओ आशुतोष मिश्र के नेतृत्व में गठित सचल दल व डीआईओएस जयकरन लाल वर्मा समेत अफसर लगातार भ्रमण कर परीक्षा की निगरानी करते रहे।
स्कूलों में नामित पर्यवेक्षक, स्टैटिक व सेक्टर मजिस्ट्रेट प्रश्नपत्रों का बंडल पहुंचाने के साथ कोषागार में जमा करने में डटे रहे। जिले के सभी केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से नकल विहीन परीक्षा संपन्न होने के बाद अफसरों ने राहत की सांस ली तो केंद्र व्यवस्थापक व माध्यमिक शिक्षा विभाग बुधवार को आयोजित होने वाली परीक्षा की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे रहे।
डीआईओएस जयकरन लाल वर्मा ने बताया कि बुधवार को शिव प्रताप इंटर कॉलेज मेें दोनों पालियों में 600-600 तो रानी सुषमा देवी बालिका इंटर कॉलेज में पहली पाली में 169 तो दूसरी पाली में 15 परीक्षार्थी समेत कुल 1384 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे।