Two hostel students clashed fiercely, kicked and punched
प्रयागराज। कर्नलगंज में बैंक रोड पर छात्रों केदो गुटों में भिड़ंत के बाद मंगलवार को जमकर हंगामा हुआ। दोनों गुटों में शामिल युवकों के बीच लात-घूंसे और फिर ईंट-पत्थर भी चले। इस दौरान राहगीरों में हड़कंप मचा रहा। सूचना पर करीब आधे घंटे बाद पुलिस पहुंची लेकिन तब तक मारपीट करने वाले भाग चुके थे। पुलिस मौके से एक युवक को पकड़ कर थाने ले आई लेकिन कोई तहरीर न मिलने पर उसे छोड़ दिया गया।
घटना दोपहर में हुई। बैंक रोड पर दो हॉस्टल के छात्रों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। कुछ ही देर बाद वहां दोनों पक्ष से दर्जनों युवक जुट गए और फिर एक-दूसरे पर टूट पड़े। इसके बाद वहां सरेआम लात-घूंसे चले। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे को सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। सरेआम मारपीट होती देख राहगीर भी सहम गए। इसी दौरान किसी ने पुलिस को सूचना दी। करीब आधे घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो मारपीट करने वाले भाग चुके थे। दुकानदारों से पूछताछ व जांच पड़ताल के बाद पुलिस एक हॉस्टल में रहने वाले छात्र को थाने लाई। उससे पूछताछ में पता चला कि मारपीट करने वाले दोनों पक्ष अलग-अलग हॉस्टल से जुड़े थे। हालांकि कोई तहरीर न मिलने पर पुलिस ने हिरासत में लिए गए युवक को छोड़ दिया। कर्नलगंज थाना प्रभारी ने बताया कि कोई शिकायत नहीं मिली है। ब्यूरो