कर्नलगंज में धनतेरस के दिन अधिवक्ता प्रशांत द्विवेदी से तीन लाख की लूट का रविवार को खुलासा हो गया। बिहार व पश्चिम बंगाल के बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम दिया था। जिसके चार सदस्यों को गिरफ्तार कर पुलिस ने 2.72 लाख रुपये बरामद कर लिए हैं। उनके तीन साथी फरार हैं जिनकी तलाश की जा रही है।
पुलिस का यह भी दावा है कि इसी गिरोह ने पिछले साल एक्सिस बैंक में आठ लाख की टप्पेबाजी भी की थी। हालांकि इस मामले में उड़ाई गई रकम बरामदगी नहीं हो सकी। पकड़े गए बदमाशों में पुष्पेंद्र यादव व मनोज यादव निवासी कोढ़ा बिहार और रविंद्र ग्वाल व अनूप ग्वाल निवासी राजगंज, जलपाईगुड़ी, पश्चिम बंगाल शामिल हैं। एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि उनकेकब्जे से तीन बाइक भी बरामद की गई है।
गिरोह का सरगना पुष्पेंद्र है जो कई बार पहले भी शहर आ चुका है। रेकी करने के बाद वह लौट जाता है और फिर अपने गिरोह के सदस्यों के साथ आकर होटल में फर्जी आईडी के जरिए ठहरता है। इसके बाद वारदात को अंजाम देकर निकल साथियों संग निकल भागता है। उनके तीन साथी विशाल, दिलीप व राजीव यादव फरार हैं जिनकी तलाश हो रही है। उक्त बदमाशों ने ही पिछले साल 17 दिसंबर को सिविल लाइंस स्थित एक्सिस बैंक में आठ लाख की टप्पेबाजी की थी। सीसीटीवी फुटेज के जरिए उनकी शिनाख्त हुई।
लूट के मामले में नहीं दर्ज किया केस, शिवकुटी इंस्पेक्टर सस्पेंड
लूट का केस दर्ज करने में हीलाहवाली शिवकुटी इंस्पेक्टर जयचंद शर्मा को भारी पड़ी। शिकायत मिलने के बाद उन्हें सस्पेंड कर दिया गया है। साथ ही विभागीय जांच भी शुरू करा दी गई है। शिवकुटी के नारायणी आश्रम में पिछले दिनों प्रतियोगी छात्र का मोबाइल लूट लिया गया था। शिकायत लेकर वह थाने पहुंचा तो उसे टरका दिया गया।
इसी तरह इंस्पेक्टर से मिलकर भी गुहार लगाई लेकिन सुनवाई नहीं हुई। आरोप है कि केस नहीं लिखा गया। इसके बाद पीड़ित ने अफसरों से गुहार लगाई। मामला संज्ञान में आने के बाद अफसरों ने पूछताछ शुरू की जिसमें प्रथम दृष्टया शिकायत सही मिली। इस आधार पर शिवकुटी इंस्पेक्टर को सस्पेंड कर दिया गया।