किले के पास से ही लगवाई जाती हैं कतारें
मेला प्राधिकरण की ओर से कराई गई पैमाइश के अलावा भी मंदिर परिसर से लेकर किला मार्ग तक इतनी ही भूमि कुंभ और माघ मेला में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के नाम पर कब्जा कर ली गई है। इस एरिया को घेर लिया गया है। इस अतिक्रमण का विवरण अभी सेना की ओर से जुटाया जा रहा है। कहा जा रहा है कि मंगलवार, शनिवार के अलावा विशेष अवसरों पर लगने वाली भीड़ के दौरान किला मार्ग के पास बैरिकेडिंग के पास से ही हनुमान मंदिर परिसर में प्रवेश के लिए कतारें लगवाई जाती हैं।
दिवंगत महंत नरेंद्र गिरि इससे पहले रक्षा मंत्रालय और शासन के समक्ष इस पर सफाई दे चुके हैं। मंदिर प्रबंधन की ओर से अफसरों को बताया गया है कि आवंटित भूमि से अधिक रकबे पर जो भी निर्माण कार्य किए गए हैं, वह माघ मेले और कुंभ में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ही कराए गए हैं। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग कराने की बात कही गई है।