हाईकोर्ट ने गोरखपुर स्थित महाराणा प्रताप इंटर कालेज के प्रबंधक योगी आदित्यनाथ से शिक्षक के वेतन भुगतान के मामले में छह सप्ताह में जवाब तलब किया है। कालेज के शिक्षक राजाराम यादव ने कालेज प्रबंध समिति का मैनेजर होने के कारण योगी को भी याचिका में पक्षकार बनाया है। योगी के अलावा कोर्ट ने विद्यालय के प्रधानाचार्य को भी नोटिस जारी किया है। याचिका पर न्यायमूर्ति पीकेएस बघेल सुनवाई कर रहे हैं।
याची के अधिवक्ता अरुण कुमार सिंह देशवाल ने बताया कि याची राजाराम यादव महाराणा प्रताप इंटर कालेज में सहायक अध्यापक हैं। एक मामले में उसे ढाई माह के लिए जेल जाना पड़ा था। छूटने के बाद उसने अवकाश का प्रार्थनापत्र दिया, जिसे प्रधानाध्यापक ने स्वीकार कर लिया मगर उसके वेतन का भुगतान नहीं किया जा रहा है। इसके खिलाफ उसने याचिका दाखिल कर वेतन भुगतान की मांग की है। अधिवक्ता देशवाल ने बताया कि कोर्ट ने योगी आदित्यनाथ को कालेज के प्रबंधक के हैसियत से नोटिस जारी किया है, क्योंकि उन्होंने अभी तक इस पद से इस्तीफा नहीं दिया है।