स्कूल से नाम कटने से नाराज इंटरमीडिएट के एक छात्र ने फांसी लगाकर जान दे दी। घटना शुक्रवार को खुल्दाबाद थाना क्षेत्र के गाड़ीवान टोला इलाके में हुई। बच्चे के फांसी लगाने से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों और नागरिकों ने पुलिस को शव को कब्जे में लेने से रोक लिया। इसको लेकर पुलिस से जमकर धक्कामुक्की और नोकझोंक भी हुई। इस दौरान कुछ पुलिसकर्मियों की वर्दी भी फट गई। छात्र की मौत पर संवेदन जताने पहुंचे कॉलेज के प्रधानाचार्य की मुहल्ले वालों ने जमकर पिटाई कर दी। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद उन्हें भीड़ के कब्जे से मुक्त कराया। इस मामले में परिजनों ने कालेज के प्रधानाचार्य और शिक्षिका के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर दी है।
खुल्दाबाद थाना क्षेत्र के गाड़ीवान टोला मुहल्ला निवासी यथार्थ केसरी (21) पुत्र त्रिलोकी केसरी एंग्लो बंगारी इंटर कॉलेज सिविल लाइंस में इंटरमीडिएट का छात्र है। शुक्रवार को वह अपनी मां के साथ स्कूल गया था। बच्चे क स्कूल में छोड़कर मां अपने आफिस चली गई। आरोप है कि करीब छह माह की फीस न जमा होने पर महिला क्लास टीचर ने यथार्थ को काफी फटकार लगाई और स्कूल से नाम काट दिया। इससे क्षुब्ध होकर यथार्थ घर पहुंचा तो घर में उसका छोटा भाई सिद्धार्थ मौजूद था। उसने छोटे भाई को समोसा लाने के लिए भेज दिया। जब भाई समोसा लेकर लौटा तो यथार्थ का शव फंदे से लटक रहा था।