इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) की संयुक्त शोध प्रवेश परीक्षा (क्रेट)-2020 में हिंदी विषय को भी शामिल करने का निर्णय लिया गया है। इस विषय के अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र बुधवार को जारी कर दिए जाएंगे।
यह निर्णय इविवि प्रशासन ने मंगलवार को लिया। हालांकि हिंदी विषय में सीटों के विवाद को लेकर इलाहाबाद हाईकोर्ट में सुनवाई चल रही है, सो इस विषय का अंतिम परिणाम हाईकोर्ट के आदेश के अधीन रहेगा।
संयुक्त शोध प्रवेश परीक्षा 17 जनवरी को आयोजित की जानी है। यह परीक्षा प्रयागराज के 14 केंद्रों में सुबह 11 से दोपहर 1.30 बजे तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा ऑफलाइन मोड में होगी।
क्रेट के माध्यम से इविवि और संघटक महाविद्यालयों में विभिन्न विषयों में पीएचडी की कुल 625 सीटों पर प्रवेश होने हैं, जिनमें से 203 सीटें इविवि में विभिन्न पाठ्यक्रमों की हैं और बाकी सीटें कॉलेजों में हैं।
हिंदी छोड़ बाकी सभी विषयों के अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र नौ जनवरी को जारी कर दिए गए थे, जबकि सीटों के विवाद के कारण हिंदी विषय के अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र रोक लिए गए थे।
हिंदी में पीएचडी की कुल 41 सीटें हैं और इन्हीं सीटों पर प्रवेश के लिए परीक्षा कराई जाएगी। इनमें से 19 सीटें क्रेट-2019 फेज-2 की हैं। हिंदी में क्रेट-2019 फेज-2 और क्रेट-2020 के मामले में हाईकोर्ट में सुनवाई चल रही है।
ऐसे में सीटों की संख्या घट बढ़ सकती है। इविवि प्रशासन या तो सभी 41 सीटों पर क्रेट-2020 के तहत प्रवेश लेगा या क्रेट फेज-2 2019 के तहत 19 पुरानी सीटों पर अलग से प्रवेश होगा और बाकी सीटों पर क्रेट-2020 के तहत प्रवेश लिए जाएंगे। क्रेट कोऑर्डिनेटर प्रो. आईआर सिद्दीकी ने बताया कि हिंदी विषय का अंतिम परिणाम इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश के अधीन रहेगा।