इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) की प्रवेश परीक्षा 18 अक्तूबर से शुरू होने जा रही है। इस बार ऑफलाइन से अधिक ऑनलाइन परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इविवि प्रशासन ने शनिवार को ऑफलाइन परीक्षा केंद्रों की सूची जारी कर दी। ऑनलाइन परीक्षा केंद्रों की सूची पहले ही जारी की जा चुकी है।
प्रवेश परीक्षा 18 से 30 अक्तूबर तक आयोजित की जाएगी। ऑनलाइन प्रवेश परीक्षा के लिए जहां 16 शहरों में 48 केंद्र बनाए गए हैं। वहीं, ऑफलाइन परीक्षा नौ शहरों के 47 केंद्रों में आयोजित की जाएगी। हालांकि ऑनलाइन के मुकाबले ऑफलाइन परीक्षा में अभ्यर्थियों की संख्या अधिक होगी, लेकिन ऑनलाइन केंद्रों में बैठने की क्षमता कम होने के कारण केंद्रों की संख्या अधिक है। ऑफलाइन परीक्षा के लिए सर्वाधिक 27 केंद्र प्रयागराज में बनाए गए हैं, जबकि ऑनलाइन परीक्षा के लिए प्रयागराज में 14 केंद्र बनाए गए हैं। ऑफलाइन परीक्षा के लिए आजमगढ़ में तीन, बरेली, कानपुर एवं दिल्ली में एक-एक, गोरखपुर में चार, लखनऊ-पटना में दो-दो और वाराणसी में छह केंद्र बनाए गए हैं।
वहीं, ऑनलाइन प्रवेश परीक्षा के लिए अन्य राज्यों के सात शहरों में केवल केंद्र बनाए गए हैं। इनमें जयपुर, भोपाल, गुवाहाटी, कोलकाता, बंगलूरू,
हैदराबाद और केरल शामिल हैं। इन शहरों में एक-एक ऑनलाइन केंद्र बनाए गए हैं। प्रवेश प्रकोष्ठ के निदेशक प्रो. आईआर सिद्दीकी का कहना है कि ऑफलाइन परीक्षा केंद्रों में अधिक संख्या में अभ्यर्थी बैठ सकते हैं, इसलिए ऑफलाइन केंद्रों की संख्या ऑनलाइन परीक्षा केंद्रों के मुकाबले कम है।
इविवि की कुलपति को मिला सम्मान
प्रयागराज। इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) की कुलपति को प्रो. संगीता श्रीवास्तव को दिल्ली इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट (एनडीआईएम) की ओर से बिजनेस एक्सेलेंस एंड इनोवेटिव बेस्ट प्रैक्टिसेज एकेडेमिया अवार्ड-2021 से सम्मानित किया गया है। शनिवार को आयोजित एक ऑनलाइन कार्यक्रम में उन्हें यह अवार्ड दिया गया। संस्थान की सलाहकार परिषद, कार्य परिषद और निदेशक मंडल ने कुलपति की योग्यता के आधार पर उन्हें इस सम्मान के लिए चुना। समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर भारत के पूर्व मुख्य न्यायमूर्ति दीपक मिश्र और विशिष्ट अतिथि के रूप में एक बड़ी कंपनी के सीईओ रोहित पाठक मौजूद रहे।