भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं पश्चिम बंगाल के प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि यह योगी आदित्यनाथ का प्रदेश है। मुख्यमंत्री योगी देश व समाज विरोधी लोगों का अच्छे से इलाज करना जानते हैं। भाजपा महासचिव विजयवर्गीय बुधवार को मैरिस रोड स्थित कल्याण सिंह के आवास पर शोक संवेदना प्रकट करने पहुंचे थे।
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) के कुलपति प्रो. तारिक मंसूर द्वारा कल्याण सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया गया था। इसका एएमयू में कुछ लोग विरोध कर रहे हैं। कैंपस में पोस्टर चिपकाने एवं संवेदना का विरोध करने के सवाल पर भाजपा के महासचिव विजयवर्गीय ने कहा कि इस देश के अंदर ऐसी मानसिकता के कुछ लोग हैं, जो हमेशा देश का माहौल बिगाड़ने की कोशिश करते हैं।
ऐसे ही लोग जेएनयू एवं पश्चिम बंगाल के विश्वविद्यालयों में देश विरोधी नारे लगाते हैं। ऐसे लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास रथ को रोकना चाहते हैं। अब उनके चेहरे बेनकाब हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि कल्याण सिंह का व्यक्तित्व अलग था। उत्तर प्रदेश के संदर्भ में वह चलते-फिरते इनसाइक्लोपीडिया थे।
वह कुशल वक्ता, कुशल प्रशासक, कुशल संगठनकर्ता थे। वह कुशल योजनाकार एवं उसके कुशल कार्यान्वयनकर्ता भी थे। मैं जब युवा मोर्चा में था तो हमेशा मनोबल बढ़ाते थे और मार्गदर्शन करते थे। इंदौर स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने युवाओं का आह्वान किया था कि पराक्रम से आगे बढ़ो, परिक्रमा के चक्कर में मत पड़ो। उनकी यह पंचलाइन आज भी मुझे याद है। इससे पूर्व कैलाश विजयवर्गीय पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के पुत्र राजवीर सिंह राजू भैया एवं पौत्र संदीप सिंह को सांत्वना दी।
इन्होंने अर्पित किए श्रद्धासुमन
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय कुमार मिश्रा, उत्तर प्रदेश सरकार के पंचायती राज मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी, प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव, आरएसएस के क्षेत्र प्रमुख महेंद्र, राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य गिरीश वर्मा, मुरादाबाद जिला पंचायत अध्यक्ष शेफाली सिंह, पूर्व मंत्री अर्चना पांडेय, हरियाणा के भाजपा नेता राम विलास शर्मा, आरएसएस के क्षेत्रीय प्रमुख महेंद्र पाल, प्रांत संचालक राजपाल सिंह, सपा के पूर्व विधायक हाजी जमीरउल्लाह आदि ने भी कल्याण सिंह के प्रति श्रद्धासुमन अर्पित किया।