बताते हैं कि करीब साल पहले तक मेंडू से डीएमटी मालगाड़ी का संचालन प्रस्तावित रेलवे लाइन से होता था। तब यहां पत्थरों का भंडारण होता था। धीरे-धीरे भंडारण का काम समाप्त हुआ तो रेलवे ने इस ट्रैक को बंद कर दिया था। अब इस ट्रैक पर लोगों ने अतिक्रमण कर रखा है।
अभी सिर्फ एक दिन चलती है बरेली-दादर एक्सप्रेस
अलीगढ़ से अभी तक मुंबई जाने के लिए कोई सीधी ट्रेन नहीं है। बरेली-चंदौसी के रास्ते चलने वाली बरेली-दादर एक्सप्रेस सप्ताह में एक दिन संचालित होती है। यह ट्रेन अलीगढ़ से आगरा फोर्ट, आगरा कैंट, इंदौर के रास्ते बांदीकुई, मुंबई तक जाती है। यात्रियों का कहना है कि यदि इस मार्ग पर कुछ नई ट्रेनें चला दी जाएं तो यात्रियों को लाभ मिलेगा। नई ट्रेनों के संचालन से व्यापारिक गतिविधियां बढ़ेंगी।
रेलवे जीएम ने सांसद को पत्र लिखकर दी जानकारी
सांसद सतीश कुमार गौतम ने इन रेलवे लाइनों को आपस में जोड़ने के लिए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव व रेल अधिकारियों को पत्र लिखा था। उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक उपेंद्र चंद्र जोशी की ओर से सांसद को पत्र भेजकर बताया गया है कि हाथरस जंक्शन के पास उत्तर मध्य रेलवे व पूर्वोत्तर रेलवे की लाइनों को जोड़ने के लिए सर्वेक्षण कार्य शुरू हो चुका है। पत्र में कहा गया कि अलीगढ़ स्टेशन के प्लेटफॉर्म 5,6,7 पर लिफ्ट लगाने के कार्य में तेजी के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, स्टेशन के बाहर सड़क निर्माण में गड़बड़ी की शिकायत की जांच के उपरांत संबंधित इंजीनियर पर आरोप तय कर दिए गए हैं।
- अलीगढ़ से सीधे हाथरस और कासगंज को मथुरा से जोड़ा जा सकेगा।
- अलीगढ़ स्टेशन ए श्रेणी में शामिल है। यहां पर आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
- गोरखपुर, लखनऊ, कानपुर, कासगंज लाइन को मथुरा, आगरा से जोड़ा जा सकेगा।
- दूरी घटने से यात्रियों को कम समय और कम पैसे खर्च करने पड़ेंगे।
- मेंडू स्टेशन से मथुरा व मथुरा कैंट की दूरी करीब 40 किलोमीटर।
- मेंडू स्टेशन से वाया मथुरा, आगरा फोर्ट व आगरा कैंट की दूरी करीब 65 किलोमीटर।
- दिल्ली-हावड़ा रेलवे ट्रैक बाधित होने पर इस ट्रैक का हो सकेगा उपयोग।
- मथुरा रेलवे ट्रैक दो तरफ से दिल्ली से जुड़ जाएगा।
- अलीगढ़-हाथरस के रास्ते मथुरा व आगरा के लिए संचालित की जा सकती हैं ईएमयू पैसेंजर व मेमू फास्ट ट्रेन।
- बरेली-चंदौसी वाया अलीगढ़ से भी संचालित हो सकती हैं ट्रेनें।
- दिल्ली-उत्तराखंड की कुछ ट्रेनों को भी इस मार्ग से संचालित करने से दिल्ली स्टेशन का लोड भी कम होगा।