थाना क्षेत्र के एक गांव में हत्या कर बाजरे के खेत में फेंकी गई अनुसूचित जाति की युवती के शव का पोस्टमार्टम के करीब 15 घंटे बाद अंतिम संस्कार हो सका। वह हत्या के खुलासे तक अंतिम संस्कार न करने की बात पर अड़ गए थे, जिसको लेकर बृहस्पतिवार की रात में डीएम सेल्वा कुमारी जे, एसएसपी कलानिधि नैथानी, एडीएम, एसडीएम, कई सीओ ने परिवार वालों को भरोसा दिलाया कि मृतका को जल्द न्याय मिलेगा। परिवार वाले शुक्रवार सुबह अंतिम संस्कार करने पर सहमत हो गए थे, लेकिन शुक्रवार की सुबह भी हत्यारों की गिरफ्तारी, मुआवजा व सुरक्षा की मांग को लेकर काफी देर तक जद्दोजहद चली। बाद में पुलिस अधिकारियों के 72 घंटे में खुलासे के आश्वासन पर परिवार सहमत हुआ और अंतिम संस्कार किया गया।
बुधवार को घर से शौच के लिए निकली 18 वर्षीय युवती का शव बृहस्पतिवार सुबह गांव के पास बाजरे के एक खेत पर पड़ा मिला था। युवती के पिता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज की थी। पोस्टमार्टम के बाद परिवार को शव सौंप दिया गया। परिवार वालों ने शव को गांव में ले जाकर रख दिया और हत्या का खुलासा न होने तक अंतिम संस्कार न करने की बात कहने लगे। इस बात की जानकारी होते ही जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया था। बृहस्पतिवार की देर रात अधिकारी गांव पहुंच गए थे। परिवार को पूरी तरह आश्वस्त किया कि दोषी बख्शे नहीं जाएंगे। इसके बाद शुक्रवार सुबह शव का अंतिम संस्कार करने पर परिवार वाले सहमत हुए।
शुक्रवार सुबह परिवार वाले अंतिम संस्कार की तैयारी में थे, तभी बसपा के छर्रा विधानसभा क्षेत्र प्रभारी तिलकराज यादव, सूरज सिंह, मुख्य जोन कोआर्डिनेटर गजराज सिंह विमल, जिलाध्यक्ष रतनदीप सिंह, आजाद समाज पार्टी के वरिष्ठ नेता पूर्व मंत्री चौ. महेंद्र सिंह, कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष सलाउद्दीन वसी, पूर्व पर्यवेक्षक अखिलेश शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष दिवाकर सक्सेना आदि गांव पहुंच गए। नेताओं के समक्ष परिवार वालों ने सुरक्षा, आर्थिक सहायता तथा हत्या का जल्द खुलासा एवं हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग शुरू कर दी। नेताओं ने पीड़ित परिवार की मांग अधिकारियों के समक्ष रखी। एडीएम न्यायिक राकेश पटेल, एसडीएम कोल कुंवर बहादुर सिंह व सीओ बरला सुमन कनौजिया ने निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिलाया और 72 घंटे में जिसके बाद पूर्वाह्न करीब 11 बजे पीड़ित परिवार ने अपने खेत में शव का अंतिम संस्कार किया।
जुटी हैं पुलिस टीमें, जल्द होगा खुलासा
एसएसपी कलानिधि नैथानी बताते हैं कि इस घटना को बेहद गंभीरता से लिया जा रहा है। पुलिस की एसओजी व सर्विलांस टीम लगी हुई हैं। कुछ ऐसे तथ्य मिले हैं, जिनके आधार पर जल्द खुलासा होने की उम्मीद है। हर पहलू को बारीकी से देखा जा रहा है। जो लोग हिरासत में हैं, उनसे लगातार पूछताछ व साक्ष्यों के मिलान का प्रयास किया जा रहा है। साक्ष्यों के मिलान के आधार पर जल्द खुलासा किया जाएगा।