मुख्य सचिव राजेंद्र तिवारी एवं पुलिस महानिदेशक मुकुल गोयल ने शुक्रवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 14 सितंबर के कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि व्यवस्थाओं का माइक्रो प्लान तैयार कर अफसरों को जिम्मेदारियां सौंप दी जाएं।
मंडलायुक्त गौरव दयाल ने बताया कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के संबंध में आगरा एवं अलीगढ़ मंडल के जिलाधिकारियों से विचार-विमर्श कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए हैं। सभी पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि तैयारियों में किसी प्रकार की कोई कोर कसर न छोड़ी जाए। जरा सी लापरवाही एवं सुरक्षा में चूक सभी पर भारी पड़ सकती है। जिला मजिस्ट्रेट सेल्वा कुमारी जे ने बताया कि प्रत्येक पार्किंग स्थल पर दो मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। सभी मजिस्ट्रेट एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वह जनसामान्य से मधुर व्यवहार रखेें।
पुलिस महानिदेशक ने निर्देशित किया कि सभी प्रकार से तैयारियां पूर्ण करते हुए रिहर्सल समय से कर लिया जाए। एडीजी आगरा जोन ने बताया कि ब्लू बुक के अनुसार सुरक्षा खाका तैयार कर लिया गया है। 12 सितंबर को फोर्स अलीगढ़ पहुंच जाएगा। इस दौरान अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी, अपर मुख्य सचिव सूचना नवनीत सहगल, अपर मुख्य सचिव उच्च शिक्षा मोनिका गर्ग, एसएसपी कलानिधि नैथानी, सीडीओ अंकित खंडेलवाल समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।