आगरा के किरावली कस्बा के व्यापारी मोहल्ला में शनिवार की रात भाइयों के बीच हुए झगड़े में गोली लगने से घायल आरिफ (35) की इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले में छोटे भाई के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया है। भाइयों के बीच जमीन बिक्री की रकम की हिस्सेदारी को लेकर झगड़ा हुआ था।
पुलिस के मुताबिक व्यापारी मोहल्ला निवासी आरिफ का शनिवार की रात करीब नौ बजे अपने भाई से जमीन बिक्री की रकम को लेकर झगड़ा हुआ था। कहासुनी के दौरान फायरिंग की गई थी। गोली लगने से आरिफ घायल हो गया था। जिसे इलाज के लिए आगरा भेजा गया था। वहीं इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मामले में मृतक की पत्नी चांदनी ने अपने देवर सिंधी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। चौकी प्रभारी किरावली योगेश कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना के बाद से आरोपी घर से फरार है। उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। युवक की मौत से घर में मातम पसरा हुआ है।