दिल्ली की एक महिला की दोस्ती ऑनलाइन डेटिंग साइट के माध्यम से महाराष्ट्र के युवक से हो गई। महिला का मायका सदर क्षेत्र में है। वह एक महीने पहले मायके आई। इसके बाद युवक से मिलने नासिक पहुंच गई। उसके साथ समुद्र किनारे टिक-टॉक वीडियो भी बनाया।
उसके साथ ही रहने लगी। उधर, परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। 15 दिन पहले पति ने पत्नी का वीडियो देख लिया। इस पर उसने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने जांच शुरू कर दी। बाद में महिला वापस आ गई। अब पति उसे साथ रखने के लिए तैयार नहीं है।
थाना सदर क्षेत्र की रहने वाली महिला की शादी साल 2017 में दिल्ली के युवक से हुई थी। उनका एक बेटा भी है। दो महीने पहले महिला की दोस्ती ऑनलाइन डेटिंग साइट पर महाराष्ट्र के युवक से हो गई। वह युवक से फोन पर बात करती।
TikTok (Symbolic)
एक महीने पहले महिला मायके आई। अपने बेटे को मां के पास छोड़ दिया। इसके बाद ससुराल जाने की कहकर चली गई। उसने दिल्ली तक के लिए ओला कैब बुक कराई थी। मगर, ससुराल जाने के बजाये नासिक चली गई। मायके वालोें ने पता किया तो पति ने घर पहुंचने से इनकार कर दिया।
इस पर महिला की तलाश शुरू कर दी गई। महिला का फोन भी नहीं लग रहा था। पति ने ससुरालियों पर पत्नी को गायब करने का आरोप लगाया और सीओ सदर से शिकायत की।
15 दिन पहले पति ने पत्नी का टिक-टॉक पर वीडियो देखा। यह वीडियो समुद्र किनारे का था। इसमें एक युवक भी उसके साथ नजर आ रहा था। इस पर पति ने सीओ सदर को जानकारी दी। पुलिस ने महिला के मोबाइल की कॉल डिटेल निकलवाई। उसकी नासिक के युवक से बात हुई थी। युवक से बात करने पर महिला से संपर्क हो गया। वह आने के लिए तैयार हो गई। तीन दिन पहले वह वापस आ गई।
रविवार को पति-पत्नी को बुलाया गया। पति का कहना था कि पत्नी की दोस्ती युवक से है। वह उसे साथ नहीं रखेगा। मगर, पत्नी ने पति के आरोप को गलत बताया। कहा कि वह बस अपने मित्र से मिलने गई थी। वह पति के साथ ही रहना चाहती है। हालांकि समझौता नहीं होने पर महिला अपने मायके चली गई।
मोबाइल पर बात और टिक-टॉक वीडियो से बढ़ रही दूरी
दो महीने पहले सदर क्षेत्र की युवती का वीडियो बनाकर दोस्त ने टिक-टॉक पर डाल दिया था। उसकी शादी सात महीने पहले ही हुई थी। इसका पता पति को चल गया था। पति-पत्नी में रार पैदा हो गई थी। एक साल पहले जगदीशपुरा क्षेत्र की दंपती के बीच रार हुई थी।
पति जब भी घर पहुंचता था, तब पत्नी मोबाइल पर बात करते हुए मिलती थी। हर बार पत्नी कहती थी कि मायके वालों से बात कर रही हूं। पति के मोबाइल छीनने पर विवाद हुआ था। जुलाई 2019 में एत्माद्दौला के सुदामापुरी मेें एक महिला की हत्या कर दी गई थी।
महिला अपने मायके के गांव के युवक से फोन पर बात करती थी। यह बात पति को बुरी लगती थी। इस पर झगड़ा होता था। आरोप है कि पति ने पत्नी को मच्छर मारने का केमिकल पिला दिया था।