रतनपुरा, नया घेर, लंगड़े की चौकी, विजय नगर, जीवनी मंडी, बेलनगंज, यमुना किनारा, छत्ता, पीपलमंडी, कालामहल, रावतपाड़ा, दरेसी, किनारी बाजार, हॉस्पिटल रोड, घटिया आजम खां क्षेत्र में छोटे-छोटे बच्चे भी पानी भरने के लिए सबमर्सिबल पंपों पर पहुंचे। महिलाएं बर्तनों को लेकर एक साथ पानी भरने के लिए पहुंचीं।
नहा सके न भोले का जलाभिषेक किया
रतनपुरा की सुषमा वर्मा ने बताया कि सावन का पहला सोमवार था तो चार बाल्टियां पानी पड़ोसी ने मांगने पर मुश्किल से दी हैं। गली में ज्यादातर लोग न तो खुद नहाए न मंदिर जा सके। टैंकर से भी पानी नहीं मिला। ऐसी गर्मी में पानी भरने जाना किसी सजा से कम नहीं है।
पड़ोसी से मिन्नतें करनी पड़ीं
लंगड़े की चौकी निवासी प्रीती कुशवाह ने कहा कि बच्चों के साथ पानी भरने जाना पड़ा। घर के काम, किचन और पीने के लिए तो पानी चाहिए, जिसके लिए पड़ोसी से मिन्नतें करनी पड़ी। अधिकारी कोई वैकल्पिक इंतजाम तो करते। एक लीकेज में इतना समय तो नहीं लगता। लोगों की परेशानी देखें।
700 मीटर दूर से ला रहे पानी
नया घेर निवासी राजकुमारी ने कहा कि घर से सबमर्सिबल पंप 700 मीटर दूर है, लेकिन बच्चों के साथ पानी भरने जा रहे हैं। वाटर प्लांट वाले भी पानी के कैंपर नहीं दे रहे। तीन दिन से उनके पास भी पानी नहीं है, बस एक या दो कैंपर ही भरकर दे रहे हैं।
नहीं भेजे कैंपर
राजनगर के पार्षद बंटी माहौर ने कहा कि क्षेत्र में हैंडपंप सूखे पड़े हैं। गरीब लोगों के पास सबमर्सिबल पंप लगाने के पैसे नहीं है। जलकल विभाग ने टैंकर भी नहीं भेजे। लोग तीन दिन से पानी के लिए परेशान हैं। पानी का कैंपर भी महंगा कर दिया है।
एक सबमर्सिबल, 100 परिवार
पीपलमंडी के पार्षद रवि बिहारी माथुर ने कहा कि 3 से 4 फुट चौड़ी सकरी गलियों में पानी का टैंकर कैसे पहुंच पाएगा। लोग बाहर मेन रोड तक जब तक आते हैं, तब तक टैंकर का पानी खत्म हो जाता है। पूरी गली में एक सबमर्सिबल पंप है और पानी भरने वाले 100 परिवार। कोई दे भी तो कैसे दे।